बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा (AEDO) को रद्द करने का ऐलान किया है. बिहार लोक सेवा आयोग ने इसे लेकर एक नोटिफिकेशन भी जारी किया है. जिसमें बताया गया है कि 14 से 21 अप्रैल के बीच 9 पालियों में हुई सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा को रद्द किया जाता है. आयोग ने नोटिफिकेशन में यह भी बताया है कि इस परीक्षा को क्यों रद्द किया गया है.
इसके साथ ही 23 अप्रैल को हुई सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी की परीक्षा भी रद्द कर दी गई है
32 अभ्यर्थी को आयोग ने किया बैन
बिहार लोक सेवा आयोग ने नोटिफिकेशन में बताया है कि सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान जिला स्तर पर जिला प्रशासन की सजगता के कारण कुछ केंद्रों पर ब्लूटूथ के जरिए नकल करने का प्रयास किया गया है जिस पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है. इसके साथ ही 32 अभ्यर्थियों को नकल करने के प्रयास और परीक्षा में गड़बड़ी करने की साजिश के आरोप में आयोग ने आगामी परीक्षाओं में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित किया गया है.
वहीं आयोग ने कहा कि प्राप्त सूचना के अनुसार उक्त परीक्षा का प्रश्न-पत्र लीक होने या वायरल होने का साक्ष्य अनुसंधान के क्रम में प्राप्त नहीं हुआ है. साथ ही उक्त परीक्षा के किसी भी प्रश्न पत्र के सेट के किसी भी Series का कोई प्रश्न-पत्र प्राप्त नहीं हुआ है.
आयोग ने कहा, जो प्राथमिकयां दर्ज कि गई है और सोशल मीडिया में प्रसारित किए जा रहे हैं. उससे परीक्षा के दौरान कुछ केन्द्रों में परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने की कोशिश की गयी है. ऐसे में मेधावी अभ्यर्थियों के हित और पारदर्शिता को देखते हुए 14 अप्रैल से 21 अप्रैल तक आयोजित AEDO की परीक्षा को रद्द किया जाता है. इसमें हुई सभी 9 पालियों की परीक्षा को रद्द किया जाता है.
मुंगेर से जुड़े तार
मामले में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जबकि 6 जिलों में 8 FIR दर्ज किया गया है. इसके साथ ही मुंगेर से तार जुड़े होने का खुलासा हुआ है, जिसमें WhatsApp नेटवर्क सामने आया है और मास्टर नाम का शख्स पूरे रैकेट को चला रहा था.
बता दें, करीब 11 लाख अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब 14 अप्रैल से 21 अप्रैल तक हुई सभी 9 पालियों की परीक्षा रद्द कर दी गई है. आयोग नई परीक्षा के लिए जल्द ही तारीखों का ऐलान करेगा.
यह भी पढ़ेंः NCERT और प्राइवेट पब्लिकेशन की किताबों में क्या होता है अंतर? कीमत करीब 10 गुना ज्यादा