Bihar Mukhyamantri Udyami Yojana: अगर आप बिहार से हैं और आपका मन खुद का बिजनेस करने का है, लेकिन पैसों की कमी की वजह से रुके हुए हैं तो अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है. नितीश कुमार की बिहार सरकार मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत युवाओं, महिलाओं, एससी एसटी और ओबीसी वर्ग को 10 लाख रुपये तक की मदद दे रही है.
कैसे मिलेगा पैसा?
इस योजना के तहत सरकार 10 लाख रुपये अपना खुद का बिजनेस शुरू करने के लिए देती है. इसमें से 5 लाख रुपये माफ हो जाते हैं. बाकी 5 लाख रुपये लोन के रूप में होते हैं, जिन्हें आपको 84 आसान किस्तों में वापस करना होता है. महिलाओं के लिए यह योजना और भी आसान है, क्योंकि उन्हें इस लोन पर कोई ब्याज नहीं देना होता. पुरुषों को सिर्फ 1 प्रतिशत साधारण ब्याज देना होता है. यानी बहुत कम ब्याज में अपना काम शुरू करने का मौका मिलता है.
कौन उठा सकता है इस योजना का फायदा?
यह योजना बिहार के परमानेंट निवासियों के लिए है जो पहले से ही वहां रह रहे हों. खासतौर पर बेरोजगार युवा, महिलाएं, एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लोग इसका फायदा उठा सकते हैं. अगर आपके पास कोई अच्छा बिजनेस आइडिया है, तो सरकार आपको शुरुआत के लिए पैसा दे रही है.
योजना का फायदा उठाने के लिए आपके पास होने चाहिए ये डाक्यूमेंट्स
आवेदन करने के लिए ये डाक्यूमेंट्स जरूरी हैं:
- बिहार का निवास प्रमाण पत्र
- मैट्रिक का सर्टिफिकेट (जन्मतिथि के लिए)
- इंटर पास या उसके बराबर की योग्यता
- जाति प्रमाण पत्र
- आधार कार्ड और पैन कार्ड
- बैंक पासबुक की कॉपी और कैंसिल चेक
- पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर
कैसे करें आवेदन?
सबसे पहले udyami.bihar.gov.in वेबसाइट पर जाएं.
अपना नाम, मोबाइल नंबर और आधार नंबर डालकर रजिस्ट्रेशन करें.
अपनी जानकारी भरें और अपना बिजनेस आइडिया चुनें.
सभी जरूरी कागज अपलोड करें.
- फॉर्म को जांचकर सबमिट कर दें और एक कॉपी अपने पास रख लें.
यह योजना उन लोगों के लिए बड़ा मौका है जो नौकरी की जगह अपना काम करना चाहते हैं.