Bihar Matric Result 2026: परिवार पालने के लिए पिता करते हैं मजदूरी, बेटा 10वीं में बना बिहार का 3rd टॉपर

Bihar Matric Result 2026: पूरे बिहार में तीसरे स्थान पर रहने वाले ओम कुमार ने कहा कि मुझे उम्मीद तो पहले स्थान की थी, लेकिन तीसरा स्थान पाकर भी मैं और मेरा परिवार बेहद खुश हैं. ओम का लक्ष्य अब देश की सबसे कठिन परीक्षा UPSC को क्रैक करना है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
BSEB 10th Result 2026: मजदूर का बेटा पूरे बिहार में तीसरे नंबर पर

Bihar Board 10th Result 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के मैट्रिक (10वीं) के रिजल्ट ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती. बरौनी प्रखंड के मालती गांव के रहने वाले ओम कुमार ने अपनी मेहनत के दम पर पूरे बिहार में मैट्रिक की परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल कर जिले और परिवार का नाम रोशन किया है. ओम कुमार के कुल 488 नंबर आए हैं. उनके पिता डेयरी में मजदूरी करते हैं, घर की आर्थिक हालत काफी कमजोर है. ऐसे में बेटे की जरूरतों को पूरा करने के लिए वह ओवरटाइम भी करते हैं.

बरौनी डेयरी में काम करते हैं पिता

​उच्च विद्यालय राजवाड़ा के छात्र ओम कुमार को कुल 488 अंक प्राप्त हुए हैं. ओम के पिता दीपक कुमार मिश्रा बरौनी डेयरी में एक दैनिक मजदूर के रूप में कार्यरत हैं. घर की आर्थिक हालात ठीक नहीं होने के बावजूद उन्होंने कभी अपने बेटे की पढ़ाई में बाधा नहीं आने दी. ​अपनी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए ओम ने बताया कि सेटअप परीक्षा के बाद उन्होंने स्कूल जाना कम कर दिया था और पूरा फोकस सेल्फ स्टडी पर रखा.

वे रोजाना सुबह 4 बजे उठकर पढ़ाई शुरू कर देते थे. उनका एकमात्र लक्ष्य स्टेट टॉपर बनना था. ओम बताते हैं पटना में हुए फिजिकल वेरिफिकेशन के दौरान उनसे हर विषय से जुड़े सवाल पूछे गए, जिसका उन्होंने बखूबी जवाब दिया. ओम ने कहा, "मुझे उम्मीद तो पहले स्थान की थी, लेकिन तीसरा स्थान पाकर भी मैं और मेरा परिवार बेहद खुश हैं"

UPSC क्रैक करने का है सपना

​भविष्य की योजनाओं के बारे में ओम बताते हैं कि उनका लक्ष्य अब देश की सबसे कठिन परीक्षा UPSC को क्रैक करना है. वे प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज की कमियों को दूर करना चाहते हैं और देश की सेवा करना चाहते हैं. मेरे पिता ने मजदूरी करते हुए मुझे हमेशा जागरूक रखा. उनकी मेहनत ही मेरी प्रेरणा है. अब मेरा सपना यूपीएससी क्लियर कर देश की सेवा करना है. फिलहाल ओम की इस शानदार उपलब्धि से उनकी मां कुसुम देवी और पूरे मालती गांव में जश्न का माहौल है. लोग दीपक मिश्रा के संघर्ष और ओम की मेहनत की मिसाल दे रहे हैं. (संतोष भारतीय के इनपुट के साथ)

Advertisement

यह भी पढे़ं-

नर्सरी में ही उठ गया था पिता का साया, सिलाई करने वाली मां के बेटे ने बिहार बोर्ड में किया Top

सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन क्लास का कमाल, बेगूसराय की नाहिद बनी बिहार में 10वीं की सेकंड टॉपर

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Iran Israel War: ईरान बॉर्डर पर पहुंची Trump की सेना? | Bharat Ki Baat Batata Hoon