IPS मेरिन जोसफ कौन? ज‍िनका लुक साई पल्लवी ने क‍िया कॉपी, UPSC में रचा इत‍िहास, सऊदी से पकड़ लाई मुजरिम

साउथ स्टार साई पल्लवी का फिल्म 'OM: चैप्टर 1' में IPS अध‍िकारी वाला रोल र‍ियल लाइफ आईपीएस मेरिन जोसफ से प्रेर‍ित है. जान‍िए केरल कैडर की मेर‍िन जोसफ कौन हैं? ज‍िन्‍होंने महज 22 साल की उम्र में UPSC निकाला और सबसे युवा आईपीएस बनीं. 

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
ips merin joseph inspired sai pallavi role om movie look
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • साई पल्लवी की आगामी फिल्म ओएम: चैप्टर 1 में आईपीएस अधिकारी का लुक मेरिन जोसफ से प्रेर‍ित है
  • IPS मेरिन जोसफ ने 22 साल की उम्र में UPSC परीक्षा पास करके केरल कैडर की सबसे कम उम्र की महिला अधिकारी बनीं
  • मेरिन जोसफ ने सऊदी अरब जाकर 13 साल की मासूम बच्ची के आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई

IPS Merin Joseph Inspired Sai Pallavi Role: बड़े पर्दे पर अपनी सादगी से जादू बिखेरने वाली 'नेशनल क्रश' साई पल्लवी अपनी आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'ओएम: चैप्टर 1 - उधिरम: द ब्लड वुड' में आईपीएस अफसर की भूमिका निभा रही हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि साई पल्लवी का यह ब्‍यूटी व‍िद ब्रेन वाला लेडी स‍िंघम नित्या रेड्डी का लुक किसी फिल्मी कहानी से नहीं, बल्कि भारतीय पुल‍िस सेवा की जांबाज महिला आईपीएस अधिकारी मेरिन जोसफ से प्रेरित है. मेरिन जोसफ ने महज 22 साल की उम्र में संघ लोक सेवा आयोग की सिव‍िल सेवा परीक्षा पास करके इत‍िहास रच द‍िया था.  केरल कैडर में साल 2013 बैच की मशहूर IPS मेरिन जोसफ के खौफ से बड़े-बड़े अपराधी थर-थर कांपते हैं. मेरिन वही निडर अफसर हैं जो 13 साल की मासूम बच्ची के गुनहगार को दबोचने के लिए खुद सऊदी अरब (रियाद) की धरती पर जा पहुंची थीं और उसे पकड़कर भारत ले आईं. 

ips merin joseph

आइए जानते हैं रीयल-लाइफ आईपीएस मेर‍िन जोसफ की पूरी कहानी, जिसका लुक  अब बड़े पर्दे पर साई पल्लवी आईपीएस नित्या रेड्डी बनकर कॉपी करने जा रही है. इंडियन मास्टरमाइंड की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के निर्देशक ने खुद खुलासा किया है कि साई पल्लवी के लुक और विजुअल रिफरेंस के लिए उन्होंने केरल कैडर की चर्चित आईपीएस मेरिन जोसफ की तस्वीरों और उनकी कार्यशैली को आधार बनाया है. आइए जानते हैं क‍ि आख‍िर कौन हैं रीयल लाइफ आईपीएस मेरिन जोसफ, ज‍िससे फिल्मी सितारे भी प्रेरणा ले रहे हैं. 

सऊदी अरब से बलात्कारी को पकड़ लाई थीं मेरिन 

आईपीएस मेरिन जोसफ के करियर का सबसे चर्चित और साहसी कार्रवाई वह थी, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरीं. केरल के कोल्लम में पोस्टिंग के दौरान  मेरिन जोसेफ की नजर बच्चों के खिलाफ हुए अपराधों की धूल खाती फाइलों पर पड़ी. वहां उन्होंने पाया कि 13 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाला मुख्य आरोपी कानून की आंखों में धूल झोंककर सऊदी अरब (रियाद) भाग चुका है और पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है.

Advertisement

आईपीएस मेरिन जोसफ ने इस केस को चुनौती के रूप में लिया. उन्होंने दिन-रात एक करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संपर्क साधा और सऊदी अरब जाकर आरोपी को गिरफ्तार कर भारत ले आईं. जिस केस को एजेंसियां मामूली समझकर छोड़ चुकी थीं, उसे मेरिन ने महज कुछ ही दिनों में सुलझाकर बच्ची को न्याय दिलाया. 

'ओएम: चैप्टर 1' के निर्देशक राजकुमार पेरियासामी ने मेरिन जोसफ को एक 'असाधारण अधिकारी' बताते हुए कहा कि उनकी कहानी हर किसी के जानने लायक है. भले ही फिल्म की कहानी पूरी तरह मेरिन पर आधारित न हो, लेकिन साई पल्लवी के किरदार में दर्शकों को इस जांबाज लेडी सिंघम के जज्बे और तेवर की साफ झलक देखने को मिलेगी.

मेरिन जोसफ केरल कैडर की सबसे युवा IPS अफसर 

केरल के एर्नाकुलम में 20 अप्रैल 1990 को जन्मी मेरिन दिल्ली में पली-बढ़ीं. उनके पिता कृषि मंत्रालय में मुख्य सलाहकार और मां अर्थशास्त्र की शिक्षिका बताई जाती हैं.  दिल्ली के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज से इतिहास (इतिहास ऑनर्स) में ग्रेजुएशन करने वाली मेरिन बचपन से ही प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती थीं.   

Advertisement

who is ips merin joseph

मेर‍िन जोसफ ने संघ लोक सेवा आयोग की सिव‍िल सेवा परीक्षा 2012 में अख‍िल भारतीय स्‍तर पर 189वीं रैंक हास‍िल की और होम कैडर केरल में महज 22 साल की उम्र में यूपीएससी क्रैक करके आईपीएस अध‍िकारी बनीं. साल 2013 बैच की आईपीएस अफसर मेरिन केरल कैडर की सबसे कम उम्र की महिला आईपीएस अधिकारी बनने का भी गौरव हास‍िल हुआ.  साल 2016 में वह राज्य की स्वतंत्रता दिवस परेड को कमांड करने वाली सबसे कम उम्र की अफसर भी बनीं.  

ips merin joseph UPSC rank

मेरिन जोसफ कोझिकोड में डिप्टी कमिश्नर रहीं

मेरिन जोसफ सिर्फ अपराधियों के लिए काल नहीं हैं, बल्कि जनता के लिए एक रक्षक भी रही हैं. कोझिकोड में बतौर डिप्टी कमिश्नर काम करते हुए उन्होंने लापता महिलाओं और बच्चों को ढूंढने के लिए एक विशेष अभियान चलाया था. इस बेहतरीन काम के लिए उन्हें 'डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस कमेंडेशन डिस्क' से नवाजा गया. इसके अलावा, साल 2018 में केरल में आई भीषण बाढ़ के दौरान उन्होंने स्टेट मॉनिटरिंग सेंटर में सक्रिय भूमिका निभाई, जिसके लिए मुख्यमंत्री ने भी उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया था. वर्तमान में वह कोझिकोड ग्रामीण में जिला पुलिस प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं.

यह भी पढ़ें- IPS अदिति सिंह की शादी, कौन हैं दूल्हा IAS विवेक आर्य, जिनके लिए हिमाचल छोड़ हरियाणा आईं 

Featured Video Of The Day
बागेश्वर की कथा पर राजा भैया का बड़ा बयान, विरोधियों को जवाब!
Topics mentioned in this article
IPS
UPSC
Sai Pallav
Entertainament

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं