यह ख़बर 22 दिसंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

यस बैंक देगा बचत खातों पर सात फीसदी ब्याज

खास बातें

  • निजी क्षेत्र के यस बैंक ने घरेलू ग्राहकों के लिए बचत खातों पर ब्याज दर एक प्रतिशत बढ़ाकर सात प्रतिशत कर दी है।
Mumbai:

निजी क्षेत्र के यस बैंक ने घरेलू ग्राहकों के लिए बचत खातों पर ब्याज दर एक प्रतिशत बढ़ाकर सात प्रतिशत कर दी है। बैंक के गुरुवार को जारी बयान में कहा गया है कि बचत खातों में एक लाख रुपये से अधिक की जमा पर ब्याज दरों में एक प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इस तरह अब बैंक बचत खातों पर छह के बजाय सात प्रतिशत का ब्याज देगा। एक लाख रुपये से कम की बचत पर छह प्रतिशत की ब्याज दर जारी रहेगी। प्रवासी भारतीयों के बचत खातों पर एक लाख रुपये तक की बचत के लिए बैंक ने ब्याज दर दो प्रतिशत बढ़ाकर छह फीसदी कर दी है। वहीं एक लाख रुपये से अधिक की बचत पर ब्याज दरों में तीन प्रतिशत का इजाफा किया गया है। इस तरह प्रवासी भारतीयों को एक लाख रुपये से अधिक की बचत पर सात फीसदी ब्याज मिलेगा। यस बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी राणा कपूर ने कहा, मौजूदा उतार-चढ़ाव भरी वैश्विक आर्थिक स्थिति को देखते हुए हमारा विश्वास है कि यस बैंक की जमा पर ब्याज दरें ग्राहकों को काफी अच्छा रिटर्न देने वाली साबित होंगी। भारतीय रिजर्व बैंक ने 25 अक्टूबर को बचत खातों पर ब्याज दरों को नियंत्रणमुक्त कर दिया था। इसके तत्काल बाद यस बैंक ने बचत खातों पर ब्याज दरों में दो फीसदी की वृद्धि कर इसे छह प्रतिशत कर दिया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com