खास बातें
- अमेरिका की कई कंपनियों एवं संगठनों ने भारत में बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मुहैया कराने में मदद देने के लिए शुरू की गई पहल 'सपोर्ट माई स्कूल' में रुचि दिखाई है।
वाशिंगटन: अमेरिका की कई कंपनियों एवं संगठनों ने भारत के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मुहैया कराने में मदद देने के लिए शुरू की गई एक अनोखी पहल 'सपोर्ट माई स्कूल' में रुचि दिखाई है। इन संगठनों में 'ग्लोबल वाटर चैलेंज' भी शामिल है। यह संगठन पानी, स्वच्छता व साफसफाई की सार्वभौमिक पहुंच सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध प्रमुख संगठनों का गठबंधन है। इस संगठन ने कोका-कोला इंडिया और एनडीटीवी द्वार जनवरी में शुरू किए गए 'सपोर्ट माई स्कूल' अभियान के बारे में अमेरिका में जागरूकता फैलाने में मदद की है। 'ग्लोबल वाटर चैलेंज' की मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मोनिका ऐलिस ने कहा, ग्लोबल वाटर चैलेंज ने अमेरिका स्थित संगठनों और व्यक्तियों तक पहुंचने में मदद कर कार्यक्रम का प्रभाव बढ़ाने की कोशिश की है और कोका-कोला इंडिया के साथ जुड़कर एच2ओ फॉर लाइफ, मर्क एंड वेस्टन सल्यूशन्स सहित नए साझेदारों को सामने लाया है। एलिस ने पिछले सप्ताह एक प्रस्तुति के बाद कहा, ग्लोबल वाटर चैलेंज भारत में और अधिक विद्यालयों तक पहुंचने के प्रयास में नए संठनों को जोड़कर 2012 में भी इस अभियान को अपना समर्थन जारी रखेगा। बच्चों को पुस्तकालय, शिक्षक प्रशिक्षण, कंप्यूटर और इंटरनेट सुविधा, खेल के मैदान और खेल के सामान उपलब्ध कराने के साथ ही इस परियोजना का लक्ष्य आठवीं तक के उन दो में से एक बच्चे को, खासतौर से बच्चियों को साफ-सफाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है, जिन्होंने स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में स्कूल जाना बंद कर दिया है। जेपी मोर्गन, कमिंस, रोटरी इंटरनेशनल और अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय विकास एजेंसी (यूएसएआईडी) ने इस अभियान में रुचि दिखाई है। इस अभियान के तहत मध्य प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान में पहले ही कई स्कूलों का जीर्णोद्धार किया जा चुका है।