खास बातें
- कपिल सिब्बल ने वैश्विक कंपनियों से कहा कि भारतीय दूरसंचार क्षेत्र में पांच वर्ष में 6,50,000 करोड़ रुपये के निवेश के अवसर उपलब्ध होंगे।
New Delhi: दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल ने वैश्विक कंपनियों से कहा कि तेजी से फैलते भारतीय दूरसंचार क्षेत्र में आने वाले पांच वर्ष में 6,50,000 करोड़ रुपये के निवेश के अवसर उपलब्ध होंगे। सिब्बले ने कहा कि 3जी सेवाओं के विस्तार, उपकरणों के विनिर्माण और अनुसंधान तथा विकास, ब्राडबैंड तथा मोबाइल वैल्यू ऐडेड सेवाओं में आने वाले समय में निवेश की विशाल संभावनाएं उत्पन्न होने जा रही हैं। दूरसंचार मंत्री अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी इंडिया टेलीकॉम-2011 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। दूरसंचार विभाग और फिक्की द्वारा आयाजित इस तीन दिन के कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने किया। इस सत्र को दूरसंचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री मिलिंद देवड़ा, सचिन पायलट, विभाग के सचिव आर चंद्रशेखर तथा फिक्की के अध्यक्ष हर्ष मारीवाला ने भी संबोधित किया। सिब्बल ने कहा, इस क्षेत्र में आगे भी निवेश के विशाल अवसर उत्पन्न होने जा रहे हैं। इससे दूसरी गतिविधियां भी बढेंगी। उन्होंने प्रस्तावित दूरसंचार नीति 2011 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें सेवा कंपनियों के विलय और अधिग्रहण के प्रावधानों से भी निवेश को बढ़ावा मिलेगा।