खास बातें
- सेंसेक्स आज ऊपर में 16,133.41 अंक और नीचे में 15,855.12 अंक के दायरे में घूमने के बाद अंतत: 121.37 अंक टूटकर 15,881.14 अंक पर बंद हुआ।
Mumbai: मुद्रास्फीति उच्च स्तर पर बने रहने, रुपया में गिरावट और वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच निवेशकों की बिकवाली से बांबे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स 121 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। मंगलवार को 132 अंक लाभ में रहा। सेंसेक्स आज ऊपर में 16,133.41 अंक और नीचे में 15,855.12 अंक के दायरे में घूमने के बाद अंतत: 121.37 अंक टूटकर 15,881.14 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 37.35 अंक की गिरावट के साथ 4,763.25 अंक पर बंद हुआ। ब्रोकरों ने कहा कि एशियाई बाजारों में नरमी के रुख और यूरोपीय बाजारों के गिरावट के साथ खुलने से भी निवेशकों की धारणा कमजोर हुई। वहीं, नवंबर में सकल मुद्रास्फीति के 9.11 प्रतिशत के स्तर पर बने रहने से भी निवेशक निराश हुए। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी के बयान का भी बाजार की धारणा पर नकारात्मक असर पड़ा। मुखर्जी ने आज कहा कि मंदी से मुकाबला करने के लिए सरकार के पास सीमित विकल्प हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि राजकोषीय एवं मौद्रिक उपायों के बावजूद, दुनियाभर के प्रमुख देश खासकर यूरोप के देश मंदी से अब तक नहीं उबरे हैं। बाजार में बिकवाली दबाव इस कदर रहा कि एफएमसीजी क्षेत्र को छोड़कर सभी क्षेत्र के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।