खास बातें
- शेयर बाजार नियामक सेबी शेयर बाजारों के लिए कई नए नियमों पर काम कर रहा है, जिसमें कारोबार से बाहर निकलने की एक नीति भी शामिल है।
New Delhi: शेयर बाजार नियामक सेबी शेयर बाजारों के लिए कई नए नियमों पर काम कर रहा है, जिसमें कारोबार से बाहर निकलने की एक नीति भी शामिल है। साथ ही वह सभी शेयर बाजारों के निवेशक संरक्षण कोषों को एकल एजेंसी में तब्दील करने पर भी काम कर रहा है। सेबी ने पिछले महीने अपने बोर्ड को सौंपी एक स्थिति रपट में कहा, सेबी एक्सचेंजों के निवेशक संरक्षण कोष को एकल एजेंसी की ओर ले जाने की संभावना तलाश रहा है, जो एक मजबूत प्रशासन प्रणाली साबित हो सकता है। सेबी ने बोर्ड को बताया कि वह स्टॉक एक्सचेंजों की एक्जिट पॉलिसी की समीक्षा करने की भी प्रक्रिया में है। एक बार परामर्श की प्रक्रिया पूरी होने पर एक्सचेंजों के लिए कारोबार से बाहर निकालने की नीति पेश की जाएगी। इसमें अन्य भागीदारों से राय लेने की भी जरूरत पड़ेगी। एसएमई के लिए स्टॉक एक्सचेंज के संबंध में सेबी ने कहा कि आवश्यक रूपरेखा तैयार कर ली गई है और बीएसई एवं एनएसई को एसएमई प्लेटफार्म शुरू करने की मंजूरी भी दी जा चुकी है।