यह ख़बर 26 दिसंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

अगले माह बढ़ सकते हैं पेट्रोल के दाम!

खास बातें

  • डॉलर की तुलना में रुपये की कमजोरी के कारण अगले माह पेट्रोल के दाम एक रुपये प्रति लीटर तक बढ़ सकते हैं।
New Delhi:

डॉलर की तुलना में रुपये की कमजोरी के कारण अगले माह पेट्रोल के दाम एक रुपये प्रति लीटर तक बढ़ सकते हैं। रुपये की कमजोरी से तेल का आयात महंगा हो गया है, जिससे पेट्रोल कीमतों में वृद्धि हो सकती है। हालांकि पेट्रोल कीमतों में बढ़ोतरी के लिए राजनीतिक सहमति की जरूरत होगी, क्योंकि उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की घोषणा हो चुकी है। एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, गैसोलीन के अंतरराष्ट्रीय दाम कमोबेश पिछले संशोधन के स्तर पर बने हुए हैं। लेकिन इस दौरान रुपया गिरकर 52.70 प्रति डॉलर पर आ गया है। घरेलू स्तर पर पेट्रोल कीमतों में आखिरी बार संशोधन 30 नवंबर को हुआ था। उस समय रुपया 51.50 प्रति डॉलर पर था। दिसंबर के पहले पखवाड़े में रुपये की विनिमय दर औसतन 51.98 प्रति डॉलर रही है। उसके बाद से इसमें और गिरावट आई है। सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन जैसी तेल कंपनियां प्रत्येक पखवाड़े में तेल के औसत बेंचमार्क तथा विनिमय दरों के आधार पर माह की पहली और 16 तारीख को खुदरा कीमतों में संशोधन करती हैं। अगली समीक्षा 31 दिसंबर को होनी है और यदि कंपनियां विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव को उपभोक्ताओं पर डालने का फैसला करती हैं, तो नई दरें एक जनवरी से प्रभावी होंगी। अधिकारी ने कहा, फिलहाल पेट्रोल की बिक्री से लागम के मुकाबले 85 पैसे प्रति लीटर का नुकसान होता है। स्थानीय बिक्री कर को जोड़ने के बाद खुदरा कीमतों में 1.02 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करने की जरूरत होगी। तेल विपणन कंपनियों ने 15-16 दिसंबर को पिछली समीक्षा में उस समय उपभोक्ताओं पर 65 से 70 पैसे प्रति लीटर का बोझ नहीं डालने का फैसला किया था। उस समय पेट्रोल कीमतों में इतनी ही वृद्धि की जरूरत थी। दिल्ली में आईओसी के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल का दाम 65.64 रुपये प्रति लीटर है। वहीं भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पंपों पर कीमतों में कुछ पैसे का अंतर है। नवंबर माह में तेल कंपनियों ने पेट्रोल कीमतों में दो बार कटौती की थी। 16 नवंबर को पेट्रोल के दाम 2.22 रुपये प्रति लीटर घटाए गए थे, जबकि एक दिसंबर को पेट्रोल कीमतों में 78 पैसे प्रति लीटर की कटौती की गई थी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com