यह ख़बर 03 दिसंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

रुपये में गिरावट से महंगाई लक्ष्य पर असर नहीं : रिजर्व बैंक

खास बातें

  • भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा है कि रुपये में लगातार और तेज गिरावट से केंद्रीय बैंक के साल के अंत के मुद्रास्फीति के लक्ष्य पर असर नहीं पड़ेगा।
मुंबई:

कुछ विशेषज्ञों द्वारा जताई गई चिंता के बावजूद भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा है कि रुपये में लगातार और तेज गिरावट से केंद्रीय बैंक के साल के अंत के मुद्रास्फीति के लक्ष्य पर असर नहीं पड़ेगा। रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर सुबीर गोकर्ण ने कहा, हमारा अनुमान बताता है कि रुपये में गिरावट से महंगाई की दर में कमी के अनुमान में बदलाव नहीं होगा। पिछले तीन माह में रुपये में 15 फीसद की गिरावट आ चुकी है। रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष के अंत तक महंगाई की दर के सात फीसद पर आने का अनुमान लगाया है। अक्टूबर में कुल मुद्रास्फीति 9.73 प्रतिशत पर थी। गोकर्ण ने कहा कि कच्चे तेल के दाम यदि ऊंचे स्तर पर बने रहते हैं तो यह समस्या पैदा कर सकते हैं। उन्होंने कहा, वृद्धि में कमी के बाद महंगाई नीचे आती है। इस रुख के अनुरूप यह धारणा प्रबल होती है कि अगले कुछ माह में महंगाई नीचे आएगी। गोकर्ण ने हालांकि यह बात भी मानी कि आर्थिक वृद्धि में कमी की एक वजह केंद्रीय बैंक द्वारा महंगाई पर अंकुश लगाने वाली मौद्रिक नीति है। पिछले 20 माह में रिजर्व बैंक ने ब्याज दरों में 13 बार वृद्धि की है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com