खास बातें
- तेल निर्यातक देशों के संगठन के 12 सदस्यों का तेल उत्पादन नवंबर में 3.07 करोड़ बैरल प्रतिदिन पर पहुंच गया।
दुबई: तेल निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) के 12 सदस्यों का तेल उत्पादन नवंबर में 3.07 करोड़ बैरल प्रतिदिन पर पहुंच गया जो तीन साल में उच्चतम स्तर है। इसमें सउदी अरब प्रतिदिन करीब एक करोड़ बैरल तेल उत्पादन कर रहा है। एमईईएस ने अपने नवीनतम संस्करण में कहा है कि इराक को छोड़कर ओपेक ने नवंबर में प्रतिदिन 2.79 करोड़ बैरल तेल का उत्पादन किया जो इससे पिछले महीने से करीब 8 लाख बैरल प्रतिदिन अधिक है। टकराव की वजह से इराक ओपेक की कोटा प्रणाली का हिस्सा नहीं है। एमईईएस ने कहा कि मासिक तेल उत्पादन में आधी वृद्धि सउदी अरब की ओर से की गई जिससे इसका उत्पादन अक्तूबर के दैनिक 95 लाख बैरल के मुकाबले नवंबर में 99 लाख बैरल प्रतिदिन का रहा। इराक ने नवंबर में 28.45 लाख बैरल प्रतिदिन तेल का उत्पादन किया। उल्लेखनीय है कि जनवरी, 2009 से ही इराक के बगैर ओपेक का आधिकारिक उत्पादन कोटा 2.48 करोड़ बैरल प्रतिदिन का रहा है, लेकिन ज्यादातर सदस्य बढ़ती मांग पूरी करने के लिए अधिक उत्पादन करते रहे हैं।