खास बातें
- सेंसेक्स में इस सप्ताह 7.3 फीसदी या 1,151.40 अंकों और निफ्टी में इसी अवधि में 7.2 फीसदी या 340.10 अंकों की तेजी रही।
मुम्बई: लगातार चार सप्ताहों की गिरावट देखने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और खाद्य महंगाई दर में गिरावट के सकारात्मक असर के कारण इस सप्ताह देश के शेयर बाजारों में पिछले दो सालों में सर्वाधिक साप्ताहिक तेजी देखने को मिली। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को 363.38 अंकों की तेजी के साथ 16,846.83 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 113.30 अंकों की तेजी के साथ 5,050.15 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पिछले शुक्रवार को 15,695.43 पर और निफ्टी इसी दिन 4,710.05 पर बंद हुआ था। सेंसेक्स में इस सप्ताह 7.3 फीसदी या 1,151.40 अंकों और निफ्टी में इसी अवधि में 7.2 फीसदी या 340.10 अंकों की तेजी रही। सेंसेक्स और निफ्टी में इस सप्ताह पांच कारोबारी सत्रों में से चार में तेजी रही। सिर्फ मंगलवार को गिरावट दर्ज की गई। इस सप्ताह खाद्य महंगाई दर में उल्लेखनीय गिरावट आई। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 19 नवम्बर को समाप्त सप्ताह में खाद्य महंगाई दर घटकर आठ फीसदी हो गई। इससे पिछले सप्ताह खाद्य महंगाई दर 9.01 फीसदी थी। खाद्य महंगाई दर में पिछले तीन सप्ताह में तेज गिरावट दर्ज की गई। यह दर 12 नवम्बर को समाप्त सप्ताह में घटकर एकल अंक में आ गई थी। सेंसेक्स में शुक्रवार को 30 में से 29 शेयरों में तेजी रही। टाटा पावर (6.30 फीसदी), टाटा मोटर्स (4.57 फीसदी), टाटा स्टील (4.04 फीसदी), स्टरलाइट इंडस्ट्रीज (3.79 फीसदी) और एसबीआई (3.70 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी रही। सेंसेक्स में सिर्फ एक शेयर हीरो मोटोकॉर्प (0.30 फीसदी) में गिरावट रही। शुक्रवार को बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी रही। मिडकैप 81.29 अंकों की तेजी के साथ 5,763.40 पर और स्मॉलकैप 66.32 अंकों की तेजी के साथ 6,190.03 पर बंद हुआ। बीएसई के सभी सेक्टरों में शुक्रवार को तेजी रही। बैंकिंग (3.26 फीसदी), बिजली (3.04 फीसदी), धातु (2.49 फीसदी), प्रौद्योगिकी (2.44 फीसदी) और सूचना प्रौद्योगिकी (2.30 फीसदी) सेक्टरों में सर्वाधिक तेजी रही। एशियाई शेयर बाजारों में शुक्रवार को जापान के निक्के ई में 0.54 फीसदी और हांगकांग के हैंग सैंग में 0.20 फीसदी की तेजी रही, जबकि चीन के शंघाई कम्पोजिट सूचकांक में 1.10 फीसदी की गिरावट रही। शुक्रवार को यूरोपीय शेयर बाजारों में तेजी का रुख रहा। ब्रिटेन के फुट्सी100 में 1.15 फीसदी, जर्मनी के डैक्स में 0.74 फीसदी और फ्रांस के सीएसी40 में 1.12 फीसदी की तेजी रही। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक इस सप्ताह अमेरिकी शेयर बाजारों में भी लगभग सात फीसदी की तेजी रही, जो मार्च 2009 के बाद सर्वाधिक साप्ताहिक तेजी है। कारोबारी सत्र के आखिरी दिन हालांकि अमेरिकी शेयर बाजारों में एसएंडपी500 में 0.02 फीसदी और डाऊ जोंस में 0.01 फीसदी की गिरावट रही। शुक्रवार को नास्डाक में 0.03 फीसदी की तेजी रही।