यह ख़बर 27 दिसंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

शेयर बाजार में तेजी थमी, सेंसेक्स 97 अंक टूटा

खास बातें

  • आरआईएल, टीसीएस, एसबीआई और टाटा मोटर्स जैसे दिग्गजों के शेयरों में मुनाफावसूली से बीएसई सेंसेक्स 97 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ।
मुंबई:

पिछले कुछ दिनों की तेजी के बाद फंडों की मुनाफावसूली से शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई। आरआईएल, टीसीएस, एसबीआई और टाटा मोटर्स जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से बीएसई सेंसेक्स 97 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 96.8 अंक टूटकर 15,873.95 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 28.50 अंक टूटकर 4,750.50 अंक पर बंद हुआ। विशेषज्ञों ने कहा वैश्विक बाजार से मजबूती के कोई संकेत नहीं मिलने की वजह से घरेलू शेयर बाजार की धारणा सुस्त रही। जहां पश्चिमी देशों के ज्यादातर बाजार बंद रहे, वहीं जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और ताइवान जैसे कुछ एशियाई बाजारों में गिरावट का रुख रहा। मोतीलाल ओसवाल सिक्योरिटीज के पराग डाक्टर ने कहा, बाजार में चौतरफा मुनाफा वसूली देखी गई। विदेशी बाजारों में क्रिसमस की छुट्टी होने से संस्थागत निवेशकों की भागीदारी सुस्त रही और बाजार एक सीमित दायरे में कारोबार करता रहा। बोनांजा पोर्टफोलियो की शानू गोयल ने कहा, 29 दिसंबर को डेरिवेटिव्ज सौदों का निपटान होना है जिसे देखते हुए इस सप्ताह बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है। इसलिए, निवेशक सतर्कता का रुख अपना सकते हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com