यह ख़बर 26 दिसंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

सेंसेक्स 232 अंक चढ़कर 16,000 के नजदीक पहुंचा

खास बातें

  • दिग्गज कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 232 अंक की बढ़त के साथ 16,000 के स्तर के निकट पहुंचकर बंद हुआ।
मुंबई:

इन्फोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 232 अंक की बढ़त के साथ 16,000 के स्तर के निकट पहुंचकर बंद हुआ। पिछले सत्र में 75 अंक की गिरावट के साथ बंद होने वाला सेंसेक्स 232.05 अंक मजबूत होकर 15,970.75 अंक पर बंद हुआ। इस दौरान आईटी, रीयल्टी और मेटल शेयरों में लिवाली देखी गई। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 65 अंक की बढ़त लेकर 4,779 अंक पर बंद हुआ। इस बीच, आरआईएल 1.94 प्रतिशत और इन्फोसिस 2.91 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इन दोनों कंपनियों के शेयरों का सेंसेक्स में 20 प्रतिशत से अधिक भारांश है। साल के अंत का अवकाश होने की वजह से ज्यादार विदेशी बाजार जहां बंद रहे, वहीं जापान एवं कुछ अन्य बाजारों से सकारात्मक रुख से घरेलू बाजार में धारणा मजबूत हुई। ब्रोकरों ने कहा कि आज की तेजी के बावजूद सेंसेक्स में इस साल की समाप्ति रिकार्ड घाटे के साथ होने की संभावना है। ऊंची मुद्रास्फीति और बढ़ी ब्याज दरों के इस वर्ष में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में भी रिकार्ड गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा विकसित देशों में अनिश्चित आर्थिक वातावरण से भी कारोबार प्रभावित रहा। आज की तेजी के बावजूद सेंसेक्स इस साल अब भी 20 प्रतिशत से नीचे है और सूचीबद्ध सभी शेयरों के सकल मूल्य के लिहाज से निवेशकों का कुल धन करीब 20 लाख करोड़ रुपये घटा है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com