खास बातें
- विदेशी बाजारों में तेजी के बावजूद स्थानीय बाजार में निवेशकों की मुनाफावसूली निकलने से दो दिन की तेजी का सिलसिला टूट गया।
मुंबई: विदेशी बाजारों में तेजी के बावजूद स्थानीय बाजार में निवेशकों की मुनाफावसूली निकलने से दो दिन की तेजी का सिलसिला टूट गया। बंबई स्टॉक एक्सचेंज के सेंसेक्स में 75 अंक की गिरावट दर्ज की गई। पिछले दो कारोबारी सत्रों में 638 अंक मजबूती दर्ज करने वाला सेंसेक्स 74.66 अंक टूट कर 15,738.70 अंक पर बंद हुआ। दिन में इसमें 15,911.23 से 15,671.28 अंक के दायरे में उतार-चढ़ाव हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 19.85 अंक टूटकर 4,714 अंक पर बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज और कुछ बैंकिंग शेयरों में गिरावट के चलते बाजार में यह नरमी आई। ब्रोकरों ने कहा कि नववर्ष से पहले विदेशी फंडों द्वारा सामन्यत: धन की निकासी की जाती है। इसकों देखते हुए निवेशक दो दिन की तेजी के बाद कुछ सावधानी बरतने लगे और मुनाफावसूली की। वैश्विक इक्विटी अनुसंधान फर्म सीएलएसए द्वारा अगले वित्त वर्ष के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान घटाकर 6.7 प्रतिशत किए जाने से भी बाजार की धारणा कमजोर हुई। उन्होंने कहा कि एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई के शेयरों में मुनाफावसूली देखी गई। हालांकि, विप्रो, भेल, हिंदुस्तान लीवर और टाटा मोटर्स के शेयरों में लिवाली ने बाजार को और गिरने से बचा लिया।