खास बातें
- सेंसेक्स 247.35 अंक की तेजी के साथ 15,738.70 पर और निफ्टी 62.40 अंक की तेजी के साथ 4,714.00 पर बंद हुआ।
मुम्बई: दो सप्ताह की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजारों में इस सप्ताह तेजी देखी गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स पिछले सप्ताह के बंद स्तर के मुकाबले शुक्रवार को 1.6 फीसदी या 247.35 अंकों की तेजी के साथ 15,738.70 पर और निफ्टी 1.34 फीसदी या 62.40 अंकों की तेजी के साथ 4,714.00 पर बंद हुआ। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सप्ताह 15,491.35 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी पिछले सप्ताह 4,651.60 पर बंद हुआ था। बुधवार को सेंसेक्स में इस सप्ताह सर्वाधिक 510.13 अंकों की तेजी देखी गई थी। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में इस सप्ताह गिरावट देखी गई। मिडकैप 1.74 फीसदी या 92.08 अंकों की गिरावट के साथ 5,185.19 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह यह 5,277.27 पर बंद हुआ था। स्मॉलकैप सूचकांक इस सप्ताह 1.29 फीसदी या 73.49 अंकों की गिरावट के साथ 5,614.90 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह यह 5,688.39 पर बंद हुआ था। ताजा आंकड़ों के मुताबिक खाद्य महंगाई दर में काफी अधिक गिरावट दर्ज की गई है और यह चार सालों के निचले स्तर पर पहुंच गया है। गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 10 दिसम्बर को समाप्त सप्ताह के लिए खाद्य महंगाई दर 1.81 फीसदी दर्ज की गई। इससे पिछले सप्ताह के लिए यह दर 4.35 फीसदी दर्ज की गई थी। खाद्य महंगाई दर में आई गिरावट से निवेशकों में आशा जगी है कि थोक कीमतों पर आधारित समग्र मासिक महंगाई दर में भी गिरावट आएगी और भारतीय रिजर्व बैंक मुख्य नीतिगत दरों में कटौती करने का फैसला कर सकता है। शुक्रवार को सेंसेक्स 74.66 अंकों की गिरावट के साथ 15,738.70 पर और निफ्टी 19.85 अंकों की गिरावट के साथ 4,714.00 पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 में से 11 शेयरों में शुक्रवार को तेजी रही। विप्रो (2.17 फीसदी), भेल (1.91 फीसदी), हिंदुस्तान यूनिलीवर (0.83 फीसदी), टाटा मोटर्स (0.52 फीसदी) और मारुति सुजुकी (0.38 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी रही। जबकि सेंसेक्स में गिरावट में रहने वाले शेयरों में प्रमुख रहे एनटीपीसी (3.27 फीसदी), डीएलएफ (2.23 फीसदी), जयप्रकाश एसोसिएट्स (2.01 फीसदी), टाटा स्टील (1.81 फीसदी) और बजाज ऑटो (1.47 फीसदी)। बीएसई के 13 में से चार सेक्टरों पूंजीगत वस्तु (0.66 फीसदी), वाहन (0.23 फीसदी), रियल्टी (0.12 फीसदी) और तेज खपत वाली उपभोक्ता वस्तु (0.09 फीसदी) में तेजी रही। बीएसई में शुक्रवार को गिरावट में रहने वाले सेक्टरों में प्रमुख रहे उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु (1.15 फीसदी), तेल एवं गैस (1.05 फीसदी), बैंकिंग (1.04 फीसदी), सार्वजनिक कम्पनियां (0.65 फीसदी) और धातु (0.42 फीसदी)।