खास बातें
- कोरिया की टिकाऊ उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनी एलजी ने अगले साल भारत में अपने निवेश में 20 प्रतिशत वृद्धि की योजना बनाई है।
New Delhi: कोरिया की टिकाऊ उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनी एलजी ने अगले साल भारत में अपने निवेश में 20 प्रतिशत वृद्धि की योजना बनाई है। देश में अपनी विनिर्माण क्षमता बढ़ाने और विपणन गतिविधियों पर कंपनी 2012 में करीब 1,800 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके साथ ही कंपनी ने भारत में अगले साल अपनी बिक्री में 20 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा है। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सून वॉन ने कहा कि कंपनी भारतीय बाजार में ज्यादा नवप्रवर्तन वाले उत्पाद लाएगी, प्रीमियम रेंज पर ध्यान केंद्रित करेगी और साथ ही 3डी फ्लैट पैनल टीवी के लिए कई तरह की मार्केटिंग पहल शुरू करेगी। वॉन ने कहा, अगले साल हमारा निवेश कारोबार के अनुरूप ही बढ़ेगा। हमें कारोबार में 20 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है। इसके साथ ही हम निवेश भी 20 प्रतिशत बढ़ाएंगे। इस साल कंपनी ने कुल मिलाकर 1,500 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसमें से 800 करोड़ रुपये का निवेश विनिर्माण गतिविधियों के उन्नयन पर किया गया है और शेष निवेश मार्केटिंग पर किया गया है।