खास बातें
- उद्योग जगत ने प्रमुख दरों में वृद्धि न करने के भारतीय रिजर्व बैंक के फैसले का स्वागत किया है।
नई दिल्ली: उद्योग जगत ने प्रमुख दरों में वृद्धि न करने के भारतीय रिजर्व बैंक के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार में सुधार और औद्योगिक उत्पादन एवं विकास को बढ़ाने में मदद मिलेगी। भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग परिसंघ (फिक्की) के महासचिव राजीव कुमार ने कहा, "दर चक्र में बदलाव का संकेत स्वागत योग्य है। साथ ही स्पष्ट है कि कड़ी मौद्रिक नीति का दौर समाप्त हो रहा है।" वहीं, कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा कि रिजर्व बैंक के इस कदम से विकास की खोई हुई गति को दोबारा पाने में मदद मिलेगी। यूनीटेक लिमिटेड के महानिदेशक ने भी रिजर्व बैंक के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे रियल स्टेट क्षेत्र में विकास दर को भी गति मिलेगी। उल्लेखनीय है कि रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को अपनी मौद्रिक नीति की मध्य-तिमाही समीक्षा की और प्रमुख दरों में वृद्धि अपरिवर्तित रखी। वर्ष 2010 से अब तक रिजर्व बैंक 13 बार अपनी प्रमुख दरों में वृद्धि कर चुका है।