यह ख़बर 12 दिसंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

उद्योग जगत ने बेरोजगारी का खतरा जताया, पैकेज की मांग

खास बातें

  • उद्योग जगत ने रोजगार के अवसर कम होने की आशंका जताई और सरकार एवं रिजर्व बैंक से स्थिति को संभालने के लिए तुरंत कदम उठाने का आह्वान किया।
नई दिल्ली:

औद्योगिक उत्पादन गिरने से चिंतित उद्योग जगत ने रोजगार के अवसर कम होने की आशंका जताई और सरकार एवं रिजर्व बैंक से स्थिति को संभालने के लिए तुरंत कदम उठाने का आह्वान किया। उद्योग जगत ने निवेश गतिविधियों में तेजी लाने के लिए रिजर्व बैंक से ब्याज दरों के मोर्चे पर नरमी लाने को कहा है। दूसरी तरफ सरकार से जरुरी नीतिगत उपाय करने पर भी जोर दिया है। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने विशेषतौर पर विनिर्माण क्षेत्र में आई गिरावट पर चिंता व्यक्त की है। विनिर्माण यानी कारखानों में होने वाले उत्पादन में पिछले साल के मुकाबले छह प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। सीआईआई ने कहा है कि पूंजीगत सामान क्षेत्र में आई गिरावट भी चिंता का विषय है। एक अन्य उद्योग एवं वाणिज्य मंडल फिक्की ने कहा है कि सरकार को समय रहते निवेश गतिविधियों को बढ़ाने के लिए निवेश प्रोत्साहन देना चाहिए और जरूरी वित्तीय उपाय कर वित्तीय प्रोत्साहनों को भी शुरू करना चाहिए। उद्योगों ने कहा है कि विनिर्माण क्षेत्र की स्थिति संकट के दौर में पहुंच गई है। फिक्की ने आशंका जताई है कि स्थिति और बिगड़ सकती है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com