खास बातें
- डाउ कैमीकल लंदन के ओलिंपिक स्टेडियम से अपने लोगो हटाने को राजी हो गया है लेकिन भारतीय ओलिंपिक संघ ने कहा कि वह इस कदम से संतुष्ट नहीं है।
लंदन/नई दिल्ली: डाउ कैमीकल लंदन के ओलिंपिक स्टेडियम से अपने लोगो हटाने को राजी हो गया है लेकिन भारतीय ओलिंपिक संघ ने कहा कि वह इस कदम से संतुष्ट नहीं है और चाहता है कि यह अमेरिकी कंपनी 2012 खेलों से अपना प्रायोजन हटा ले। डाउ ने कहा कि वह स्टेडियम के चारों तरफ लगने वाले विवादास्पद फैब्रिक में अपने ब्रांड का नाम लगाने के प्रायोजक अधिकार को खत्म करके 2012 खेलों के विजन से सहमत हो गया है। भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े लोग इस अमेरिकी कंपनी के ओलिंपिक से जुड़ने को लेकर नाराज थे। इस अमेरिकी कंपनी को आयोजन समिति ने अगस्त में लंदन 2012 खेलों का प्रायोजक बनाया था। डाउ के प्रवक्ता स्काट व्हीलर के हवाले से ब्रिटेन के संडे एक्सप्रेस ने कहा, डाउ और एलओसीओजी के बीच करार पांच टेस्ट पैनल की ब्रांडिंग तक सीमित था जिसे अगले कुछ महीनों में खेलों से पहले हटा लिया जाएगा और यह अंतिम डिजाइन का हिस्सा नहीं होगा। इस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए आईओए के कार्यकारी अध्यक्ष वीके मल्होत्रा ने कहा कि उन्हें स्पष्ट नहीं है कि इसका असल में क्या मतलब है और कहा कि आईओए लंदन ओलिंपिक के प्रायोजन से डाउ कैमीकल को पूरी तरह से हटाने की अपनी मांग पर बना रहेगा।