खास बातें
- डाबर फेम ब्रांड के तहत प्रोफेशनल ग्रूमिंग वाले उत्पादों के बाजार में प्रवेश कर रही है और दो साल में बाजार में 10 फीसदी हिस्सा हासिल करने की उसकी योजना है।
New Delhi: एफएमसीजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी डाबर फेम ब्रांड के तहत प्रोफेशनल ग्रूमिंग वाले उत्पादों के बाजार में प्रवेश कर रही है और उसने अगले दो साल में 1,000 करोड़ रुपये के बाजार में 10 फीसदी हिस्सा हासिल करने की योजना बनाई है, जिस पर लॉरियल प्रोफेशनल और श्वार्जकॉफ का कब्जा है। शुरुआत में कंपनी ने कई किस्म के फेशियल - फेम गोल्ड प्रोफेशनल फेशियल किट और फेम क्वीन्स पर्ल प्रोफेशनल फेशियल किट लॉन्च किए और इसकी बिक्री वह सिर्फ पार्लर और सैलून में ब्यूटिशियन के जरिए ही करेगी। इस योजना के तहत कंपनी ने 200 लोगों की मार्केटिंग टीम बनाई है और देश भर में करीब 30,000 पार्लर में अपने उत्पाद बेचने की प्रक्रिया में है। डाबर के विपणन प्रमुख (त्वचा की देखभाल) संजय सिंघल ने कहा, हमने एक उत्पाद के जरिए बाजार की स्थिति का जायजा लिया। इनमें दो फेशियल के अलावा कंपनी फेम ब्रांड के तहत बॉडी ब्लीच लांच करने की भी योजना बना रही है। उन्होंने कहा, हम इन उत्पादों के जरिए अगले दो साल में पांच से 10 फीसदी बाजार पर कब्जा करने पर विचार कर रहे हैं। अगले दौर में कंपनी ने पार्लर जाने वाले उपभोक्ताओं को उत्पाद बेचने की योजना बनाई है। कंपनी के उत्पादों की नई रेंज का विज्ञापन सोनाक्षी सिन्हा करेंगी, जो फेमकेयर रेंज की ब्रांड एंबेसडर भी हैं।