खास बातें
- चालू वित्त वर्ष में नवंबर तक 23 कमाडिटी एक्सचेंजों में 122.33 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो चुका है।
नई दिल्ली: सर्राफा कारोबार में तेजी के बीच चालू वित्त वर्ष में नवंबर तक 23 कमाडिटी एक्सचेंजों में 122.33 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो चुका है जो कि पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 68.6 प्रतिशत अधिक है। वायदा बाजार आयोग (एफएमसी) ने यह जानकारी दी है। पिछले साल इसी अवधि में 72.56 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। एफएमसी ने बताया कि इस दौरान सोना, चांदी और कुछ कृषिगत सामानों के वायदा कारोबार में तेजी देखी गई। इनसे ही ज्यादातर कारोबार आया है। आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल-नवंबर अवधि में सर्राफा कारोबार दो गुने से भी अधिक बढ़कर 72,84,934 करोड़ रुपये हो गया। वर्ष 2010-11 की इसी अवधि में यह आंकड़ा 32,81,086 करोड़ रुपये रहा था। आलोच्य अवधि के दौरान कृषिगत समानों के कारोबार में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 8,36,605 करोड़ रुपये से बढ़कर 12,51,697 करोड़ रुपये हो गया। अप्रैल-नवंबर के दौरान उर्जा क्षेत्र का कारोबार 35 प्रतिशत बढ़कर 19,02,042 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2010-11 की इसी अवधि में यह आंकड़ा 14,11,620 करोड़ रहा रुपये था। देश में पांच राष्ट्रीय स्तर के और 18 क्षेत्रीय कमोडिटी एक्सचेंज हैं। 2010-11 के दौरान कमोडिटी वायदा बाजार में 119.48 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था।