खास बातें
- भारत के विदेशी पूंजी कोष में 14 जनवरी को समाप्त सप्ताह में 3.4 अरब डॉलर की वृद्धि हुई और यह 297.41 अरब डॉलर हो गया।
मुम्बई: भारत के विदेशी पूंजी कोष में 14 जनवरी को समाप्त सप्ताह में 3.4 अरब डॉलर की वृद्धि हुई और यह 297.41 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक विदेशी पूंजी कोष का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा कोष में 3.30 अरब डॉलर की वृद्धि हुई और यह आलोच्य सप्ताह में बढ़कर 267.86 अरब डॉलर हो गया। अमेरिकी डॉलर में बताए जाने वाले विदेशी पूंजी कोष पर इसमें जमा अन्य मुद्राओं जैसे ब्रिटेन की मुद्रा पाउंड स्टर्लिग, यूरो और जापानी मुद्रा येन के मूल्य में तेजी या गिरावट का असर पड़ता है। इस सप्ताह स्पेशल ड्राइंग राइट के मूल्य में 7.3 करोड़ डॉलर की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 5.10 अरब डॉलर हो गया। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में जमा पूंजी में 2.8 करोड़ डॉलर की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 1.98 अरब डॉलर हो गया। इस सप्ताह हालांकि स्वर्ण भंडार अपने पुराने स्तर 22.47 अरब डॉलर पर बरकरार है।