खास बातें
- बीसीसीआई ने देश में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के प्रसारण का अधिकार रखने वाली प्रसारण कम्पनी निम्बस का करार रद्द कर दिया।
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को देश में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के प्रसारण का अधिकार रखने वाली प्रसारण कम्पनी निम्बस का करार रद्द कर दिया। बीसीसीआई के मुताबिक निम्बस ने भुगतान सम्बंधी शर्तों का उल्लंघन किया है। इस बारे में आधिकारिक घोषणा का इंतजार है लेकिन बीसीसीआई की कार्यकारिणी में शामिल होने वाले कुछ सदस्यों ने बताया कि निम्बस को करार सम्बंधी शर्तो के उल्लंघन के कारण प्रसारण अधिकार से वंचित किया गया है। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कार्यकारिणी की बैठक के बाद कहा, "निम्बस ने घपला किया है। उसने इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के साथ हुई श्रृंखला के लिए 50 फीसदी रकम की अग्रिम अदायगी नहीं की है।" एक अन्य सदस्य ने बताया कि निम्बस ने सोमवार सुबह 24 करोड़ रुपये का भुगतान किया लेकिन अभी भी उसके पास 85 से 88 करोड़ रुपये बकाया हैं। इसी कारण बीसीसीआई निम्बस के साथ प्रसारण करार जारी नहीं रखना चाहता। निम्बस के साथ बीसीसीआई का प्रसारण करार पांच वर्ष पुराना है। निम्बस ने 2005-06 में चार साल का करार किया था। इसके बाद बीसीसीआई ने 2009-10 में उसके करार का नवीकरण किया। मौजूदा करार 2014 तक मान्य है।