Yeh Prem Mol Liya: प्यार, परिवार और बराबरी का संदेश, लेकिन धीमी रफ्तार बनी कमजोरी

सूरज बड़जात्या की फिल्म हो और प्रेम की कहानी न हो, ऐसा कैसे हो सकता है! उनकी नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में एक बार फिर प्रेम को प्यार होता है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
Yeh Prem Mol Liya: प्यार, परिवार और बराबरी का संदेश
NDTV

सूरज बड़जात्या की फिल्म हो और प्रेम की कहानी न हो, ऐसा कैसे हो सकता है! उनकी नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया' में एक बार फिर प्रेम को प्यार होता है, लेकिन इस बार उसकी प्रेम कहानी के रास्ते में सिर्फ दो दिलों का फासला नहीं, बल्कि दो परिवारों की सोच और जिम्मेदारियां भी हैं.

कहानी

फिल्म की कहानी पूर्वा (शरवरी वाघ) और प्रेम (आयुष्मान खुराना) के इर्द-गिर्द घूमती है. पूर्वा के परिवार में दादी, नानी, बुआ समेत कई महिलाएं हैं और उन सभी की जिम्मेदारी पूर्वा पर है. परिवार की देखभाल और उनकी जरूरतों के चलते पूर्वा शादी नहीं करना चाहती. लेकिन जब प्रेम को पूर्वा से प्यार होता है तो वह एक ऐसा फैसला लेता है, जो इस प्रेम कहानी को एक अलग मोड़ देता है. प्रेम तय करता है कि वह अपने परिवार के साथ पूर्वा के घर आकर रहेगा और उसके परिवार की जिम्मेदारियां भी बराबरी से उठाएगा.

हालांकि, प्रेम का यह फैसला उसके पिता को पसंद नहीं आता. अब एक तरफ प्रेम का प्यार है तो दूसरी तरफ परिवार की सोच और परंपराएं. क्या प्रेम और पूर्वा एक साथ रह पाएंगे? क्या दोनों परिवारों के बीच की दूरियां खत्म होंगी? इन सवालों के जवाब जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी.

कमियां

फिल्म की सबसे बड़ी कमजोरी इसकी धीमी रफ्तार है. खासकर पहले हिस्से में आयुष्मान और शरवरी के प्रेम प्रसंग को जिस तरह से गढ़ने की कोशिश की गई है, वह दर्शकों को बांधने में कामयाब नहीं होती. फिल्म अपने असल मुद्दे तक पहुंचने में काफी वक्त लेती है और इस दौरान कहानी थोड़ी खिंची हुई महसूस होती है.

Advertisement

फिल्म का मूल विचार बेहद सरल और स्पष्ट है. ऐसे में उसे ज्यादा प्रभावशाली बनाने के लिए पटकथा और संवादों में थोड़ी और धार की जरूरत थी. कहानी और किरदारों के बीच ऐसे कई मौके थे, जहां मनोरंजन और हास्य की अच्छी गुंजाइश थी, लेकिन फिल्म उन मौकों को पूरी तरह भुना नहीं पाती. कुछ दृश्य और संवाद जिस तरह बुने गए हैं, उनसे उम्मीद तो बनती है, लेकिन वह असर लगातार कायम नहीं रह पाता.

आयुष्मान खुराना के किरदार में कहीं-कहीं सलमान खान की छवि नजर आती है. सूरज बड़जात्या की फिल्मों में प्रेम का एक खास अंदाज रहा है, लेकिन आयुष्मान के व्यक्तित्व और अभिनय शैली को देखते हुए उनके किरदार को थोड़ा अलग ढंग से गढ़ा जा सकता था.

Advertisement

फिल्म का ट्रीटमेंट भी कई जगह ‘हम आपके हैं कौन' की याद दिलाता है. इसकी वजह से कहानी के कुछ मोड़ पहले से ही समझ आने लगते हैं. मसलन, ‘हम आपके हैं कौन' में रेणुका शहाणे के किरदार का ग्राफ और इस फिल्म में अनुपम खेर के किरदार का ग्राफ कुछ हद तक एक जैसा महसूस होता है. ऐसे में फिल्म में नयापन होने के बावजूद उसका ट्रीटमेंट कई बार जाना-पहचाना लगता है.

खूबियां

फिल्म को बांधकर रखने वाली सबसे बड़ी चीज इसका संगीत और शानदार प्रोडक्शन वैल्यू है. सूरज बड़जात्या की फिल्मों की तरह यहां भी संगीत कहानी का अहम हिस्सा है और फिल्म के माहौल को खूबसूरती से आगे बढ़ाता है.

फिल्म की दूसरी और शायद सबसे महत्वपूर्ण खूबी इसका संदेश है. परिवार की जिम्मेदारी सिर्फ महिलाओं की नहीं होती और रिश्तों में बराबरी का भाव कितना जरूरी है, फिल्म इस विचार को सामने रखती है. यह एक अलग सोच है, जिस पर हिंदी सिनेमा में और भी गंभीरता से बात होनी चाहिए.

सूरज बड़जात्या के निर्देशन और राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्मों की अपनी एक खास पहचान रही है. बाजार के दबाव और बदलते सिनेमाई ट्रेंड के बीच सूरज बड़जात्या ने अपने फिल्मी विश्वास और पारिवारिक मूल्यों से समझौता नहीं किया है. उनकी तारीफ इसलिए भी होनी चाहिए कि उन्होंने एक ऐसी कहानी कहने की कोशिश की है, जो मनोरंजन के साथ समाज को एक नई सोच भी देती है. फिल्म में कुछ कमियां जरूर हैं, लेकिन सूरज का निर्देशन आपको फिल्म के साथ जोड़े रखता है.

Advertisement

अभिनय की बात करें तो शरवरी वाघ प्रभावशाली हैं. वह अपने किरदार में सहज नजर आती हैं और अपनी छाप छोड़ती हैं. आयुष्मान खुराना ने भी अपने किरदार के साथ न्याय किया है. वहीं अनुपम खेर, स्वानंद किरकिरे, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक और बाकी कलाकार मंझे हुए हैं और सभी ने अपनी भूमिकाओं को बखूबी निभाया है.

आखिर में

‘ये प्रेम मोल लिया' एक अच्छी सोच के साथ बनाई गई फिल्म है, लेकिन कमजोर पटकथा और धीमी रफ्तार इसकी प्रभावशीलता को थोड़ा कम कर देती है. सूरज बड़जात्या का पारिवारिक सिनेमा, फिल्म का संगीत और इसका संदेश आपको सिनेमाघर तक खींचने की वजह बन सकते हैं. हालांकि, कहानी में थोड़ा और कसाव होता तो यह फिल्म ज्यादा असर छोड़ सकती थी. मेरी तरफ से ‘ये प्रेम मोल लिया' को 3 स्टार.

Advertisement

कलाकार: आयुष्मान खुराना, शरवरी वाघ, अनुपम खेर, स्वानंद किरकिरे, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक, सौम्या टंडन, शाद रंधावा, गीता अग्रवाल शर्मा, श्रुति सेठ और सुरभि तिवारी.

निर्देशक: सूरज बड़जात्या

रेटिंग - 3 स्टार 

यह भी पढ़ें | Yeh Prem Mol Liya Review: सिनेमाघरों में सूरज बड़जात्या की ये प्रेम मोल लिया रिलीज, जानें कैसी है फिल्म

Featured Video Of The Day
संसद में Rahul-Akhilesh की होगी मुलाकात! सीट बंटवारे पर बैठक अटकी
Topics mentioned in this article
Yeh Prem Mol Liya
Yeh Prem Mol Liya First Review
Yeh Prem Mol Liya Advance Booking
Yeh Prem Mol Liya Film
Ayushmann Khurrana

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं