एक्ट्रेस-राजनेता कंगना रनौत ने सोमवार को अपने नाम से चल रही एक फर्जी पोस्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. इस पोस्ट में झूठा दावा किया गया था कि कंगना ने कहा है कि अगर कांग्रेस के नेता राहुल गांधी BJP में शामिल होते हैं, तो वह उनसे शादी कर लेंगी. मंडी से BJP सांसद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर यह पोस्ट वायरल होने के बाद अब इस पर सफाई दी है. कंगना रनौत ने अपनो पोस्ट में लिखा, "यह फर्जी खबर कितनी घटिया है. राजनीति में भी महिलाओं के लिए कोई गरिमा नहीं है. जो लोग यह फर्जी खबर फैला रहे हैं, उन्हें शर्म आनी चाहिए."
वायरल हुआ मीम
यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक मीम पेज ने एक पोस्ट शेयर की, जिसमें कंगना रनौत के नाम से एक मनगढ़ंत बयान लिखा था. इसमें कहा गया था, "अगर राहुल गांधी BJP में शामिल होंगे, तो मैं उनसे शादी करने के लिए तैयार हूं."
राहुल की कट्टर विरोधी कंगना
कंगना ने हाल ही में संसद में महिलाओं के आरक्षण पर राहुल गांधी के भाषण के बाद उन पर तंज कसा था. पत्रकारों से बात करते हुए कंगना ने कहा, "उन्हें सुनना सिरदर्द जैसा था. वह अपने बचपन के ट्रॉमा और बचपन में देखे गए जादू के शो से गुजर रहे हैं. यह एक परेशानी थी. स्पीकर ने भी उन्हें रुकने के लिए कहा. उन्होंने संसद का मजाक उड़ाया है."
वहीं कुछ समय पहले कंगना ने ये भी कहा था कि राहुल गांधी संसद परिसर में टपोरी जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं और उनके आस-पास होने से वह असहज होती है. कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश के मंडी से BJP की सांसद हैं. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह को 74,755 वोटों के अंतर से हराकर यह सीट जीती. फिल्मों की बात करें तो, कंगना पिछली बार 'इमरजेंसी' में नजर आई थीं. इस फिल्म का निर्देशन भी उन्होंने ही किया था और इसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाया था.