आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की फिल्म 'अल्फा' इन दिनों काफी चर्चा में है. फिल्म में दोनों एक्ट्रेस का एक्शन अंदाज देखने को मिल रहा है. फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ के साथ बॉबी देओल और अनिल कपूर भी मुख्य भूमिका में हैं. 'अल्फा' 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक रही है. लेकिन रिलीज के बाद आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की फिल्म को शुरुआत नहीं मिल पाई, जिसकी उम्मीद की जा रही थी. कई फिल्म क्रिटिक्स और दर्शकों ने फिल्म 'अल्फा' में कलाकारों की एक्टिंग को तो अच्छा बताया लेकिन कहानी काफी कमजोर बोल रहे हैं. यही वजह है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर पा रही है.
किसने लिखी अल्फा की कहानी
क्या आप जानते हैं कि 'अल्फा' की कहानी किसने लिखी है? अगर नहीं तो हम आपको बताते हैं कि आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की इस फिल्म की कहानी को उदय चोपड़ा ने लिखा है. यह वही उदय चोपड़ा हैं, जिन्होंने अपने पूरे करियर में आज तक एक भी सोलो हिट फिल्म नहीं दी है. इतना ही नहीं वह लंबे समय से फिल्मों से दूर भी चल रहे हैं. लंबे समय बाद उन्होंने किसी फिल्म के लिए कहानी लिखी और वो भी काफी कमजोर निकली है.
वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की सबसे कमजोर फिल्म
कई फिल्म क्रिटिक्स ने अपने रिव्यू में दावा किया है कि 'अल्फा' की कहानी कहीं से भी चलने लगती है. यही वजह है कि यह फिल्म वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की सबसे कम पैसा कमाने वाली फिल्म बन गई है. सैकनिल्क के अनुसार, आलिया भट्ट और शरवरी की फिल्म 'अल्फा' ने ओपनिंग डे पर 7,534 शो में 9.25 करोड़ रुपये की कमाई की. रविवार को फिल्म ने 7,439 शो में 13.25 करोड़ रुपये कमाए. इससे पहले शनिवार को फिल्म ने 11.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी.
फिल्म की कमाई
इस तरह, भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 40.80 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 34.00 करोड़ रुपये हो गया है. विदेशों में, फिल्म ने तीसरे दिन 5.00 करोड़ रुपये कमाए, जिससे वहां इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 18.00 करोड़ रुपये हो गया है. इसके साथ ही, फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 58.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.