बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने वाले एक्टर रवि किशन आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. आज भले ही वह फिल्मों से लेकर राजनीति तक में अपनी मजबूत जगह बना चुके हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उन्हें अपनी मेहनत की कमाई के लिए काफी परेशान होना पड़ा था. एक्टर ने एक पुराने किस्से को याद करते हुए बताया कि एक फिल्म के लिए तय किए गए 1.8 लाख रुपये देने से प्रोड्यूसर ने इनकार कर दिया था. इतना ही नहीं, उन्हें फिल्म से उनका रोल हटाने की धमकी भी दी गई थी. इस घटना के बाद रवि किशन काफी भावुक हो गए थे और रोने लगे थे.
काजोल की फिल्म में किया था काम
रवि किशन ने बताया कि यह घटना साल 1994 में आई फिल्म 'उधार की जिंदगी' के दौरान हुई थी. इस फिल्म में काजोल भी नजर आई थीं. रवि के मुताबिक, फिल्म में काम करने के लिए उन्हें 1 लाख 80 हजार रुपये देने का वादा किया गया था. शुरुआत में प्रोड्यूसर ने उन्हें सिर्फ 8 हजार रुपये दिए और बाकी रकम डबिंग पूरी होने के बाद देने की बात कही. उस समय रवि किशन के परिवार की गांव में खेती की जमीन गिरवी रखी हुई थी. उन्होंने अपने पिता से वादा किया था कि वह फिल्म से मिलने वाले पैसों से जमीन को छुड़वा लेंगे. इसी वजह से उन्हें बाकी रकम की सख्त जरूरत थी.
मिली रोल काटने की धमकी
रवि किशन ने बताया कि जब उन्होंने डबिंग पूरी कर ली तो वह अपने बकाया पैसे मांगने प्रोड्यूसर के पास पहुंचे. लेकिन प्रोड्यूसर ने पैसे देने से इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, उसने धमकी दी कि अगर पैसे देने पड़े तो वह फिल्म से रवि का रोल ही हटा देगा.
यह सुनकर एक्टर के पास कोई रास्ता नहीं बचा. उन्होंने प्रोड्यूसर से कहा कि उन्हें पैसे नहीं चाहिए, लेकिन फिल्म में उनका किरदार रहने दिया जाए. इसके बाद वह अपनी बाइक लेकर वहां से निकल गए. रास्ते में हेलमेट पहने हुए उनकी आंखों से आंसू निकलने लगे. यह उनके करियर के सबसे मुश्किल दौर में से एक था.
यह भी पढ़ें | ट्विकंल खन्ना ने लाइव शो में अक्षय कुमार को लगाई फटकार, कॉफी विद करण मुफ्त में करने पर बोलीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं