सदी के महानायक अमिताभ बच्चन केवल अपनी दमदार एक्टिंग के लिए ही नहीं, बल्कि अपने अनुशासन और प्रोफेशनलिज्म के लिए भी जाने जाते हैं. उनके साथ काम करने वाले कलाकार अक्सर उनके व्यवहार और काम के तरीके की तारीफ करते हुए नजर आते हैं. इसी कड़ी में बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बनर्जी ने एक दिलचस्प एक्सपीरियंस शेयर किया है. उन्होंने बताया कि जब वो पहली बार अमिताभ बच्चन से मिले, तो काफी नर्वस थे. सेट पर वो पल उनके लिए बेहद खास था, लेकिन उसी दौरान हुई एक घटना ने उन्हें चौंका दिया और प्रोफेशनलिज्म की एक बड़ी सीख भी दे गई.
ये भी पढ़ें: ड्रग्स की लत की वजह से संजय दत्त के हाथ से निकल गई थी ये ब्लॉकबस्टर फिल्म, सुनील और नरगिस दत्त का टूट गया था मन
पैर छूते ही नाराज हो गए बिग बी
अभिषेक बनर्जी ने बताया कि भारतीय परंपरा के अनुसार उन्होंने आदर दिखाने के लिए अमिताभ बच्चन के पैर छूने की कोशिश की. लेकिन ये देखकर बिग बी तुरंत नाराज हो गए. उन्होंने अभिषेक से कहा, 'तुम क्या कर रहे हो? ऐसा क्यों कर रहे हो?' ये सुनकर अभिषेक हैरान रह गए, क्योंकि उन्हें बचपन से यही सिखाया गया था. इसके बाद फिल्म के डायरेक्टर रिभु दासगुप्ता ने उन्हें इस बात का कारण समझाया. उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन नहीं चाहते कि कोई उन्हें इतना ऊंचा दर्जा दे कि सामने वाला खुद को छोटा महसूस करे. बिग बी का मानना है कि सेट पर सभी कलाकार बराबर होते हैं और ऐसा व्यवहार परफॉर्मेंस को प्रभावित कर सकता है.
प्रोफेशनलिज्म का बड़ा उदाहरण
अभिषेक ने अमिताभ बच्चन की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इंडस्ट्री में इतने प्रोफेशनल कलाकार बहुत कम देखे हैं. उनके मुताबिक, बिग बी न सिर्फ खुद को बराबरी पर रखते हैं, बल्कि चाहते हैं कि उनके साथ काम करने वाला हर कलाकार भी बिना दबाव के अपना बेस्ट दे सके.
फिल्म और आने वाले प्रोजेक्ट्स
अभिषेक और अमिताभ फिल्म Section 84 में साथ नजर आएंगे, जो 19 नवंबर, 2026 की सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है. इस फिल्म के डायरेक्टर रिभु दासगुप्ता हैं. इन दोनों के अलावा फिल्म में निम्रत कौर और डायना पेंटी भी अहम किरदारों में नजर आएंगी. अमिताभ बच्चन इन दिनों Kalki 2898 AD के सीक्वल की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें प्रभास और कमल हासन भी नजर आएंगे. दूसरी ओर, अभिषेक बनर्जी जल्द ही मिर्जापुर द मूवी में दिखाई देंगे, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.