आसिफ शेख (Aasif Sheikh) टेलीविजन के साथ फिल्मों में भी काम करने को लेकर जाने जाते हैं. उनको असली पहचान शो भाबीजी घर पर हैं से मिली थी. इस शो में उन्होंने विभूति नारायण मिश्रा का किरदार निभाया था. अगर उनके करियर की बात करें तो उन्होंने साल 1984 में टीवी शो हम लोग से शुरुआत की थी. इसके अलावा एक्टर काफी बड़ी फिल्मों में नजर आए, जिसमें 'करण अर्जुन', 'भारत' जैसी तमाम फिल्मों के नाम शामिल हैं. रिपोर्ट के अनुसार उनका नाम शो में 300 से अधिक किरदार निभाने के लिए 'वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स-लंदन' में भी दर्ज किया गया है. सलमान खान से उनके नजदीकी और पुराने संबंध हैं. एक्टर का जन्म 11 नवंबर 1960 को दिल्ली में हुआ था. बीते दिनों शो भाभी जी घर पर हैं 2.0 दर्शकों के बीच में आया. इस प्रोजेक्ट से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं. लेकिन शो दर्शकों के बीच कोई खास जगह नहीं बना पाया. हाल ही में एक्टर ने इस शो से जुड़ी बातें NDTV के साथ शेयर की और अपना दुख जाहिर किया.
आसिफ शेख ने कहा- 'शो ने मुझे सब कुछ दिया'
एक्टर आसिफ शेख ने 'भाभीजी घर पर हैं 2.0' के असफल होने का कारण बताया. उन्होंने कहा कि इस शो में जो फैब्रिक था, वो पूरा बदल गया था. मैं भी इसके पक्ष में नहीं था. इस शो ने मुझे सब कुछ दिया और इस शो में मुझे कई तरीके के किरदार निभाने का मौका मिला. एक्टर ने आगे शो के असफल होने को लेकर कहा कि जो दर्शक काफी लंबे समय से देखते हुए आ रहे हैं. इस सीजन में उसका फैब्रिक ही बदल दिया. शो का क्या मतलब रहा? मैं ऐसा पहला इंसान हूं, जिसने इस शो में यह फैब्रिक बदलने का विरोध किया. लेकिन ये ऊपर से ऑर्डर्स आए थे, इसलिए मैं भी कुछ नहीं कर पाया. पुराने शो में आपने देखा कि कैसे विभूति दूसरे घर में जाकर भाभी जी से मजाक करता है. आपने यह पूरा फैब्रिक ही चेंज कर दिया. एक्टर ने आगे कहा कि शो में मेरा लीड किरदार था. मैं इस शो के लिए 'ना' इसलिए नहीं कर पाया, अगर मैं नहीं करता तो यह शो ही बंद हो जाता. दूसरी तरफ एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने शो से धमाकेदार वापसी की थी. लेकिन शिल्पा की कॉमेडी भी शो की नैया पार नहीं लगा पाईं. इन दिनों एक्ट्रेस अपने पुराने बयानों को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं. लोग उनको लेकर भी तरह- तरह की बातें कर रहे हैं.
शो में क्या था खास?
'भाभी जी घर पर है 2.0' की कहानी की बात करें तो यह कॉमेडी, सस्पेंस और हॉरर का मिक्सर था. शो की कहानी हवेली को सुरक्षित रखने के आसपास घूमती है. जहां तिवारी जी अनीता और विभूति अंगूरी से नकली शादी कर लेते हैं. कहानी में सबसे बड़ा मोड तब आता है, जब गायत्री देवी ठीक हो जाती हैं और विद्या भाभी का भूत सबको घुंघटगंज में फंसा देता है. इस सीजन में पत्नियों की अदला-बदली का ट्विस्ट शामिल किया गया है. इस सब ड्रामा के बीच विद्या भाभी का भूत सामने आता है, जब हंसी और डर का एक मजेदार तड़का लगता है. रिपोर्ट के अनुसार गिरती टीआरपी को लेकर मेकर्स ने शो को बंद करने का फैसला किया था. इस सीजन ने अप्रैल 2026 में अपने एपिसोड्स पूरे कर लिए थे.
यह भी पढ़ें: शिल्पा शिंदे को यौन शोषण के झूठे आरोप लगाने पर सुननी पड़ी खरी-खोटी, एक्ट्रेस 'बोली जो मेरे साथ हुआ...'
विभूति के किरदार के लिए पहचाने जाते हैं आसिफ शेख
आसिफ शेख फिल्मों की दुनिया में नाम कमा चुके हैं. हालांकि उन्हें पहचान भाबीजी घर पर है शो में विभूति नारायण के किरदार को निभाकर मिली, जिसमें उन्हें काफी पसंद किया गया.