इस साल 26 अगस्त को एक्टर यश की फिल्म टॉक्सिक सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म के टीजर और गानों को दर्शकों को भूरपूर प्यार मिल रहा है. टॉक्सिक सिनेमाघरों में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द वन' के साथ क्लैश होने वाला था. 'द वन' के निर्माणकर्ताओं ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म की अपडेटेड रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है. साथ ही फिल्म का एक नया पोस्टर भी रिलीज किया गया है, जो दर्शकों को इसकी कल्पनाशील दुनिया की एक और झलक दिखाता है.
ये भी पढ़ें: Dhamaal 4 Advance Booking: बॉक्स ऑफिस पर छाई अजय देवगन की फिल्म, धमाल 4 ने एडवांस बुकिंग में कमाए इतने करोड़
कब रिलीज होगी फिल्म
अब यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. नए पोस्टर में एक शक्तिशाली योद्धा को बैल और बाघ के बीच खड़े दिखाया गया है. पोस्टर में दमदार विजुअल्स के साथ-साथ गहरा रहस्य भी छिपा नजर आता है, जो फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है. पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा छा गई है और फैंस इसके आकर्षक डिजाइन व बारीक डिटेल्स की सराहना कर रहे हैं. 'द वन' भारतीय लोककथाओं और पौराणिक तत्वों से प्रेरित एक भव्य फैंटेसी फिल्म है, जिसमें एक्शन, कॉमेडी, एडवेंचर और दमदार विजुअल इफेक्ट्स का रोमांचक मिश्रण है.
फिल्म कहानी बिल्कुल अलग
फिल्म एक पूरी नई दुनिया, अनोखे किरदारों और बड़े पर्दे के लिए बने शानदार अनुभव का वादा करती है. इसका उद्देश्य ऐसी मूल भारतीय कहानियों को पर्दे पर लाना है जिनसे हर उम्र के दर्शक जुड़ सकें. जबकि आजकल रीमेक और फ्रेंचाइजी फिल्मों का बोलबाला है, 'द वन' एक बिल्कुल नई कहानी और नई दुनिया लेकर आ रही है. मेकर्स पहले ही 'द लीजेंड ऑफ वन' नामक कॉमिक बुक के जरिए इस ब्रह्मांड की झलक दिखा चुके हैं, जिसने दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है.
स्टारकास्ट
यह फिल्म बालाजी मोशन पिक्चर्स और टीवीएफ मोशन पिक्चर्स के सहयोग से बन रही है. फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है. मुख्य भूमिकाओं में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया नजर आएंगे. कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है, जबकि सिनेमैटोग्राफी और विजुअल डायरेक्शन की जिम्मेदारी मनु आनंद संभाल रहे हैं. फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर. कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी द्वारा किया जा रहा है. 'द वन – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' 25 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.