शाहरुख खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर ऐसा दांव खेलने जा रहे हैं, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है. उनकी अगली फिल्म 'किंग' सिर्फ स्टारकास्ट और एक्शन की वजह से नहीं, बल्कि अपने जबरदस्त बजट के कारण भी सुर्खियों में है. फिल्म को लेकर सामने आई नई जानकारी ने साफ कर दिया है कि मेकर्स किसी भी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं हैं. यही वजह है कि 'किंग' अब शाहरुख खान के करियर की सबसे बड़ी और सबसे महंगी फिल्म बनने की ओर बढ़ रही है.
ये भी पढ़ें: 350 दिन तक थिएटर्स पर रहा इस फिल्म का राज, देव आनंद को बनाया सुपरस्टार, 61 साल बाद भी कहलाती है कल्ट
'किंग' पर खुलकर खर्च कर रहे मेकर्स
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट्स के मुताबिक सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में बन रही 'किंग' का बजट करीब 450 करोड़ रुपये पहुंच चुका है. खास बात ये है कि इस रकम में फिल्म के प्रिंट, प्रमोशन और शाहरुख खान की फीस शामिल नहीं है. यानी रिलीज तक इसकी कुल लागत और भी बढ़ सकती है. बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग मई 2025 में शुरू हुई थी और अगस्त 2026 तक इसे पूरा करने का टारगेट रखा गया है. करीब 150 दिनों तक दुनिया के अलग-अलग देशों में इसकी शूटिंग की गई है. फिल्म के लिए इंटरनेशनल स्टंट टीमों को शामिल किया गया है. जबकि हाई एंड वीएफएक्स का काम शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट संभाल रही है. असल में मेकर्स बड़े पर्दे पर ऐसा एक्शन एक्सपीरियंस देना चाहते हैं जो पहले कभी देखने को न मिला हो.
'अल्फा' से तीन गुना ज्यादा बजट
शाहरुख खान की पिछली बड़ी फिल्म 'जवान' का बजट करीब 400 करोड़ रुपये बताया गया था, जबकि 'पठान' लगभग 350 करोड़ रुपये में बनी थी. ऐसे में 'किंग' इन दोनों फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए उनके करियर की सबसे महंगी फिल्म बनती नजर आ रही है. दिलचस्प बात ये भी है कि रिपोर्ट्स के मुताबिक आलिया भट्ट की स्पाई यूनिवर्स फिल्म 'अल्फा' का बजट करीब 100-120 करोड़ रुपये है. यानी 'किंग' के बजट में लगभग तीन 'अल्फा' जैसी फिल्में बनाई जा सकती हैं. यही कंपेरिजन बताता है कि फिल्म कितनी बड़ी स्केल पर बन रही है. अगर सब कुछ एज प्लानंड रहा तो 'किंग' सिर्फ शाहरुख खान के करियर ही नहीं, बल्कि हिंदी सिनेमा की सबसे बड़े बजट वाली फिल्मों में भी अपनी जगह बना सकती है.