भारत में ओटीटी पर इस हफ्ते सबसे ज्यादा क्या देखा गया? इसका जवाब ओरमैक्स मीडिया की लेटेस्ट स्ट्रीमव्यू रैंकिंग में मिल गया है. 22 से 28 जून 2026 के बीच की इस लिस्ट में कॉमेडी, स्पोर्ट्स और वेब सीरीज का जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला. सबसे दिलचस्प बात ये रही कि कॉमेडियन समय रैना का शो 'इंडियाज गॉट लैटेंट सीजन 2' सभी बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 पर पहुंच गया. वहीं फीफा वर्ल्ड कप, महिला टी20 वर्ल्ड कप और भारत-आयरलैंड टी20 सीरीज भी दर्शकों की पहली पसंद बनी रहीं.
ये भी पढ़ें: शाहरुख खान पर भारी पड़े रणबीर कपूर, 'रामायणम' ने 'किंग' को छोड़ा पीछे
'इंडियाज गॉट लैटेंट सीजन 2' बना नंबर-1
ओरमैक्स मीडिया की वीकेंड स्ट्रीमव्यू रैंकिंग के मुताबिक 22 से 28 जून 2026 के दौरान 'इंडियाज गॉट लैटेंट सीजन 2' को भारत में करीब 8.1 मिलियन लोगों ने कम से कम 30 मिनट तक देखा. यही वजह रही कि ये शो इस हफ्ते का सबसे ज्यादा देखा जाने वाली ओटीटी प्रॉपर्टी बन गया. कॉमेडियन समय रैना के इस ऑफबीट कॉमेडी टैलेंट शो के दूसरे सीजन का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. नए सीजन में सेलिब्रिटी गेस्ट जज भी नजर आ रहे हैं. शो के एपिसोड और बोनस क्लिप्स नेटफ्लिक्स के साथ-साथ समय रैना के यूट्यूब चैनल पर भी उपलब्ध हैं.
स्पॉर्ट्स का जलवा
दूसरे स्थान पर 'आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026' रहा. जिसे 6.5 मिलियन दर्शकों ने देखा. इसके बाद 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' ने 6.2 मिलियन दर्शकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया. चौथे नंबर पर 'भारत बनाम आयरलैंड टी20 सीरीज 2026' रही. जिसे 5.5 मिलियन लोगों ने देखा. इससे साफ है कि भारतीय दर्शकों के बीच क्रिकेट और फुटबॉल दोनों की पॉपुलेरिटी बनी हुई है.
कॉमेडी, टीवी शो और वेब सीरीज का भी जलवा
रैंकिंग में पांचवें स्थान पर 'लाफ्टर शेफ्स सीजन 3' रहा. जिसे 4.5 मिलियन दर्शकों ने देखा. इसके बाद 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' 4.2 मिलियन व्यूअर्स के साथ छठे नंबर पर रहा. सातवें स्थान पर 'अब होगा हिसाब' (4.0 मिलियन) और आठवें नंबर पर 'ग्राम चिकित्सालय सीजन 2' (3.5 मिलियन) ने जगह बनाई. लिस्ट में 'बहन हो तो ऐसी' (3.2 मिलियन) और 'ठुकरा के मेरा प्यार सीजन 2' (3.1 मिलियन) भी टॉप-10 में शामिल रहे.
प्लेटफॉर्म की बात करें तो जियोहॉटस्टार के सबसे ज्यादा शो और स्पोर्ट्स इवेंट्स इस लिस्ट में नजर आए. जबकि यूट्यूब ने भी कई एंट्री दर्ज कर अपनी मजबूत मौजूदगी दिखाई. ओरमैक्स मीडिया के अनुसार ये रैंकिंग 22 से 28 जून 2026 के बीच किए गए ऑडियंस रिसर्च पर बेस्ड है. इसमें उन इंडियन ऑडियंस को शामिल किया जाता है जिन्होंने किसी कंटेंट को कम से कम 30 मिनट तक देखा. यानी ये आंकड़ा कुल वॉच टाइम नहीं, बल्कि कंटेंट की रीच को दिखाता है. ऐसे में ये लिस्ट हर हफ्ते ये बताती है कि भारत में किस ओटीटी कंटेंट को दर्शकों का सबसे ज्यादा प्यार मिल रहा है.