बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता राणा दग्गुबाती ने अपनी सेहत से जुड़ी एक मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की है. 'बाहुबली 2' की बड़ी सफलता के बाद राणा को किडनी फेलियर और दिल से जुड़ी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा. उन्होंने अमेरिका में ट्रांसप्लांट करवाया और काफी समय तक इलाज के बाद वापस काम पर लौटे. रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट 'चैप्टर 2' में राणा दग्गुबाती ने बताया कि बीमारी के बाद उनका लुक पूरी तरह बदल गया. पहले वे हैदराबाद के 'hot guy' के नाम से जाने जाते थे, लेकिन अब वे पहले जैसे नहीं रहे.
ये भी पढ़ें: 'वेंटीलेटर पर हैं सलीम खान, ब्रेन हेमरेज के लिए प्रोसीजर किया' डॉक्टर ने दिया हेल्थ अपडेट
वापस किए एडवांस रुपये
राणा दग्गुबाती ने कहा कि सबसे पहले उनकी जिंदगी बचाना ही सबसे बड़ा लक्ष्य था. अमेरिका में एक साल तक सही खान-पान और जीवनशैली अपनाने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनका शरीर अब पहले जैसा नहीं है. राणा दग्गुबाती ने खुलासा किया कि बीमारी से पहले उन्होंने कई फिल्में साइन की थीं और एडवांस भी ले लिया था. उनमें से कुछ फिल्में बड़ी-बड़ी एक्शन वाली थीं, जैसे किसी बड़े पहलवान की कहानी. लेकिन अब वे खुद को उन रोल्स के लिए फिट नहीं पाते थे. इसलिए उन्होंने ईमानदारी से उन प्रोड्यूसर्स को एडवांस वापस कर दिए. राणा ने कहा, "मैं अब उन किरदारों जैसा नहीं दिखता, इसलिए मैं एडवांस लौटा रहा था."
राणा ने काम में सावधानी बरती
पॉडकास्ट में राणा ने अपने दोस्त और अभिनेता वरुण तेज का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि वरुण उनसे मिलने आए तो बातचीत के दौरान लगा कि वरुण अब उन जैसा ज्यादा लग रहा है, जबकि राणा खुद बदल चुके थे. राणा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर वे एक्टर नहीं होते तो इस बदलाव को शायद संभाल नहीं पाते. बीमारी के बाद राणा ने काम में सावधानी बरती है. 2025 में उन्होंने दुलकर सलमान के साथ 'कांथा' फिल्म की, जिसमें वे प्रोड्यूसर भी थे. साथ ही 'राणा नायडू' सीरीज के दूसरे सीजन और कुछ कैमियो रोल किए.