विज्ञापन

'रणवीर सिंह नहीं FWICE पर लगे बैन', राम गोपल वर्मा ने डॉन 3 विवाद में धुरंधर एक्टर का किया सपोर्ट

डॉन 3 विवाद में नया मोड़ आ गया है. रणवीर सिंह के समर्थन में उतरे राम गोपाल वर्मा ने FWICE पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने संगठन को पुरानी व्यवस्था बताते हुए कई बड़े सवाल उठाए.

'रणवीर सिंह नहीं FWICE पर लगे बैन', राम गोपल वर्मा ने डॉन 3 विवाद में धुरंधर एक्टर का किया सपोर्ट
रणवीर के सपोर्ट में आए राम गोपाल वर्मा
नई दिल्ली:

फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों 'डॉन 3' को लेकर चल रहा विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. अभिनेता रणवीर सिंह के फिल्म से बाहर होने और उसके बाद FWICE की ओर से जारी गैर-सहयोग निर्देश ने बहस को और तेज कर दिया है. अब इस पूरे मामले में फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा भी खुलकर रणवीर सिंह के समर्थन में उतर आए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखते हुए FWICE की कार्रवाई पर सवाल उठाए और कहा कि किसी निजी विवाद में इस तरह का हस्तक्षेप उचित नहीं है. वर्मा के बयान के बाद फिल्म इंडस्ट्री में इस मुद्दे पर चर्चा और भी तेज हो गई है.

FWICE को बताया पुरानी सोच वाली व्यवस्था

राम गोपाल वर्मा ने अपने पोस्ट में FWICE की आलोचना करते हुए कहा कि ये कदम उद्योग या कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए नहीं बल्कि ताकत दिखाने की कोशिश जैसा लगता है. उनका कहना है कि किसी कलाकार के खिलाफ गैर-सहयोग का फैसला आखिरकार खुद संगठन के लिए मजाक बन सकता है. उन्होंने FWICE को एक पुरानी व्यवस्था बताते हुए कहा कि संस्था अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश कर रही है.

ये भी पढ़ें- डॉन 3 विवाद और FWICE बैन के बीच कहां हैं रणवीर सिंह, इंस्टाग्राम पर मुस्कुराते हुए यार के साथ शेयर की पहली फोटो

निजी विवाद में दखल पर उठाए सवाल

वर्मा ने कहा कि 'डॉन 3' विवाद मूल रूप से निर्माता और अभिनेता के बीच का अनुबंध संबंधी मामला है. उनके मुताबिक ऐसे मामलों का फैसला संबंधित पक्षों या अदालतों को करना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि जब देशभर में हर दिन ऐसे कई व्यावसायिक विवाद होते हैं तो फिर इस मामले में FWICE की भूमिका क्यों दिखाई जा रही है.

रणवीर सिंह की पॉपुलेरिटी का किया जिक्र

राम गोपाल वर्मा ने अपने पोस्ट में दावा किया कि रणवीर सिंह जैसे सितारों की वजह से फिल्म इंडस्ट्री चलती है. उन्होंने कहा कि अगर रणवीर किसी नए प्रोजेक्ट के लिए हां कह दें तो कई निर्माता उनके साथ काम करने के लिए तैयार हो जाएंगे. वर्मा का मानना है कि सितारे रोजगार पैदा करते हैं और इंडस्ट्री की आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाते हैं.

'डॉन 3' विवाद क्या है

दरअसल, फरहान अख्तर की 'डॉन 3' में रणवीर सिंह को लीड रोल में लिया गया था. बाद में उनके फिल्म से बाहर होने की खबरें सामने आईं. रिपोर्ट्स के मुताबिक निर्माता पक्ष ने दावा किया कि इस फैसले से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है. इसके बाद मामला FWICE तक पहुंचा और संगठन ने रणवीर के खिलाफ गैर-सहयोग निर्देश जारी किया. हालांकि रणवीर सिंह की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वो फिल्म बिरादरी का सम्मान करते हैं और ऐसे मामलों को गरिमा और आपसी सम्मान के साथ सुलझाया जाना चाहिए.

ये भी पढ़ें- छोटी बहन का कत्ल, आरोपी की तलाश में दो भाई, कातिल बाप, 7 एपिसोड्स की सीरीज न करें मिस

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com