बॉलीवुड के जुबली कुमार का 61 साल पुराना रिकॉर्ड जिसे तोड़ नहीं पाए शाहरुख-सलमान, 525 दिन तक बॉक्स ऑफिस किंग रही थी ये फिल्म

आज के दौर में जहां फिल्में कुछ ही हफ्तों में सिनेमाघरों से उतर जाती हैं, वहीं राजेंद्र कुमार की सुपरहिट फिल्म ‘आरजू’ ने 525 दिनों तक थिएटरों में चलकर इतिहास रच दिया था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
525 दिनों तक चली थी आरजू फिल्म

आप हेडिंग पढ़कर सोच रहे होंगे कि आखिर ये जुबली कुमार यानी राजेंद्र कुमार की कौन सी फिल्म है. तो इसका जवाब है 'आरजू'. 1965 में रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया, बल्कि ऐसा रिकॉर्ड भी बना दिया जिसे आज तक कोई फिल्म नहीं तोड़ सकी. राजेंद्र कुमार की इस सुपरहिट फिल्म ने उन्हें स्टारडम की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया और हिंदी सिनेमा के इतिहास में अपना नाम हमेशा के लिए दर्ज करा लिया. दिलचस्प यह है कि सलमान खान, शाहरुख खान और आमिर खान जैसे सितारे भी इस रिकॉर्ड के आस-पास तक नहीं पहुंच पाए हैं.

525 दिनों तक सिनेमाघरों में चला था जादू

आज जब फिल्में कुछ हफ्तों में ओटीटी पर पहुंच जाती हैं, तब 'आरजू' की सफलता और भी खास लगती है. आईएमडीबी की रिपोर्ट के मुताबिक, ये फिल्म करीब 75 हफ्तों यानी 525 दिनों तक सिनेमाघरों में चलती रही थी. उस दौर में दर्शकों का उत्साह ऐसा था कि थिएटरों के बाहर टिकट के लिए लंबी कतारें लगती थीं. इसी शानदार प्रदर्शन की वजह से फिल्म को प्लेटिनम जुबली का दर्जा मिला.

राजेंद्र कुमार के करियर की सबसे बड़ी हिट्स में शामिल

1960 का दशक राजेंद्र कुमार के लिए बेहद शानदार रहा था. उनकी कई फिल्में सुपरहिट साबित हुई थीं, लेकिन 'आरजू' ने जो मुकाम हासिल किया, वो सबसे अलग था. फिल्म की सफलता ने उन्हें उस दौर के सबसे भरोसेमंद सितारों में शामिल कर दिया. दर्शक सिर्फ उनका नाम देखकर ही टिकट खरीद लिया करते थे.

दमदार स्टारकास्ट ने जीता दिल

फिल्म में राजेंद्र कुमार के साथ साधना शिवदासानी मुख्य भूमिका में थीं. दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसके अलावा फिरोज खान, नाजिमा और नाजिर हुसैन जैसे कलाकारों ने भी अपनी शानदार अदाकारी से फिल्म को और मजबूत बनाया. कहानी के साथ कलाकारों की परफॉर्मेंस ने दर्शकों को आखिर तक बांधे रखा.

Advertisement

गाने भी बन गए थे सुपरहिट

'आरजू' की सफलता के पीछे इसके गानों का भी बड़ा योगदान था. 'बेदर्दी बालमा' और 'ऐ फूलों की रानी' जैसे गीत उस समय हर किसी की जुबान पर थे. रेडियो से लेकर शादी-ब्याह और महफिलों तक ये गाने खूब सुनाई देते थे. आज भी पुराने संगीत प्रेमियों की प्लेलिस्ट में ये गानें शामिल रहते हैं.

61 साल बाद भी कायम है रिकॉर्ड

समय के साथ सिनेमा का अंदाज बदल गया, तकनीक बदल गई और दर्शकों की पसंद भी बदलती रही. लेकिन 'आरजू' का 525 दिनों तक सिनेमाघरों में चलने का रिकॉर्ड आज भी बरकरार है. यही वजह है कि इस फिल्म का नाम हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार और सफल फिल्मों में लिया जाता है.

यह भी पढ़ें: एल्विश यादव का 370 रुपए की बिरयानी कंट्रोवर्सी पर फूटा गुस्सा, बोले- कंसेंट का भी MRP लगा दिया?

Advertisement
Featured Video Of The Day
मानसून की पहली बारिश में ही जयपुर में सड़क पर बना 20 फीट गड्ढा
Topics mentioned in this article
Aarzoo Movie
Rajendra Kumar
Bollywood