बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी से सांसद कंगना रनौत ने संसद के अनुभव को लेकर दिलचस्प बातें कहीं हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू में कंगना ने बताया कि शुरुआती दिनों में संसद की कार्यवाही देखकर वे हैरान रह गई थीं. एक्ट्रेस ने खुलासा किया है. जब उन्होंने संसद में जाना शुरू किया तो उन्हें किस तरह की परेशानी का सामना करना.साथ ही कंगना रनौत ने यह भी खुलासा किया है कि शुरुआत में संसद में नेताओं की बहस देखकर हैरान हो जाती थीं.
क्या बोली कंगना रनौत
कंगना ने ANI से बात करते हुए कहा, "मुझे लगता था कि मैं लड़ाकू हूं और अच्छा बहस कर सकती हूं. लेकिन संसद पहुंचकर मैं पूरी तरह शॉक्ड हो गई. वहां सांसदों की बहस और लड़ने की क्षमता देखकर समझ आया कि असली मुकाबला कितना कड़ा होता है. जब आप बोलने लगते हैं तो चारों तरफ हूटिंग शुरू हो जाती है. कई बार तो मैं ब्लैक आउट हो जाती थी और बोलने में काफी संघर्ष करना पड़ता था."
नेता एक-दूसरे पर हमला बोलते हैं
उन्होंने आगे बताया कि बहस के दौरान माहौल काफी गर्म हो जाता है. किसी के मुंह से थूक उछल रहा होता है, आंखों में गुस्सा दिखता है और नेता एक-दूसरे पर हमला बोलते हैं. लेकिन संसद में सब जानते हैं कि अपनी बात कैसे रखनी है. कुछ सांसद लंबी स्पीच देते हैं और कोई भी पॉइंट नहीं छोड़ते. अगर बीच में बाधा आए तो उसे कैसे हैंडल करना है, यह भी वे अच्छे से जानते हैं.
अनसेटल हो गई थीं कंगना
कंगना ने माना कि शुरुआत में वे थोड़ी अनसेटल थीं. बहुत सारे लोग, ढेर सारी जानकारी और पता नहीं कहां से शुरू करें. लेकिन अब वे संसद के माहौल में काफी सहज महसूस करती हैं. एक सवाल के जवाब में कंगना ने कहा कि संसद में नेता भले ही बहस करते हों, लेकिन बाद में साथ बैठकर चाय-नाश्ता कर लेते हैं. हालांकि उनकी भावनाएं नहीं बदलतीं. सोशल मीडिया पर उनके सपोर्टर एक-दूसरे पर हमला करते हैं, लेकिन असल जिंदगी में राजनीति में प्रतिस्पर्धा तो रहती ही है.
कंगना की फिल्में
राजनीति में आने के बाद कंगना फिल्मों से थोड़ा दूर हो गई हैं. चुनाव जीतने के बाद उन्होंने कहा था कि वे पूरी तरह अपने क्षेत्र मंडी और वहां की जनता की सेवा में लगना चाहती हैं. उनकी आखिरी रिलीज 'इमरजेंसी' रही थी. आने वाली फिल्मों में 'भारत भाग्य विधाता', 'सीता- द इंकार्नेशन', 'क्वीन 2' और 'तनु वेड्स मनु 3' शामिल हैं.