दोस्तों की नकल ने बदल दी इस एक्ट्रेस की किस्मत, मिस इंडिया बनकर फिल्मों में छाईं, आमिर खान के साथ पहली ही हिट ने बनाया स्टार

पिता जूही चावला को IAS बनाना चाहते थे और मां मार्केटिंग में करियर बनते देखना चाहती थीं. लेकिन कॉलेज में दोस्तों को देखकर मिस इंडिया का फॉर्म भरा और जीता. उसके बाद 90 के दशक की सबसे फेमस एक्ट्रेस में शामिल हो गईं. जानिए मिस इंडिया बनने से लेकर ‘कयामत से कयामत तक’ से स्टार बनने तक का उनका दिलचस्प सफर.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
'कयामत से कयामत तक' से मिली बड़ी पहचान, जिनके 'इश्क' ने फैंस को बनाया 'दीवाना मस्ताना'
YouTube
नई दिल्ली:

जब बात सादगी, बेमिसाल खूबसूरती और खिलखिलाती हंसी की होती है, तो भारतीय सिनेमा में सिर्फ एक ही नाम जहन में आता है. 1984 में 'मिस इंडिया' का ताज पहनने से लेकर 'कयामत से कयामत तक' के जरिए करोड़ों दिलों की धड़कन बनने तक, उन्होंने हर किरदार में जान फूंकी है. यह बात हो रही है, अपनी लाजवाब कॉमिक टाइमिंग और संजीदा अभिनय से 90 के दशक पर राज करने वाली अभिनेत्री जूही चावला की.

कॉलेज में हुए चमत्कार से बनीं एक्ट्रेस

13 नवंबर 1967 को हरियाणा के अंबाला में जन्मी जूही चावला ने अपनी पढ़ाई मुंबई में की. पिता चाहते थे कि जूही चावला बहुत पढ़े और आईएएस बने या एमबीए करे. मां की इच्छा थी कि जूही मार्केटिंग सेक्टर में करियर बनाए. मगर स्कूल के बाद कॉलेज में पढ़ाई करते हुए ही उनकी जिंदगी में ऐसे चमत्कार हुए, जिसने उन्हें पहले 'मिस इंडिया' और फिर एक बेहतरीन अभिनेत्री बना दिया.

जूही चावला ने एक इंटरव्यू में कहा था, "मेरी यह कोशिश रही कि मैं जो भी काम करूं, वो थोड़ा अच्छा करूं. इसकी शुरुआत स्कूल में हुई. मेरे बड़े भाई थोड़े मस्तीखोर थे और मां उन्हें बहुत डांटती थीं. मां की डांट का असर भाई पर तो नहीं हुआ, लेकिन मैंने उसे गंभीरता से लिया. इसी का नतीजा था कि मैं स्कूल में अच्छी छात्रा बनी. जब भी परीक्षा होती थी तो पहले पढ़ाई करके जाती थी."

फिल्मों मे आने से पहले बनीं मिस इंडिया

फिल्मों में आने से पहले 'मिस इंडिया' बनने की भी उनकी कहानी दिलचस्प है. इंटरव्यू में जूही चावला ने बताया था, "मैं शायद इस बारे में नहीं सोच रही थी. कॉलेज के समय में एक कॉन्टेस्ट हुआ था, जिसमें मैंने हिस्सा लिया था. उसमें मैं अव्वल आई. उसी समय कॉलेजों में 'मिस इंडिया' के लिए फॉर्म भरे जा रहे थे. इसमें मेरी कुछ दोस्त हिस्सा लेना चाह रही थीं और उन्हीं को देखते हुए मैंने भी हिस्सा लिया. मैंने अपनी दोस्तों को देखकर सोचा था कि अगर ये कर सकती हैं तो मैं भी कर सकती हूं."
इसी मस्ती-मस्ती में एक चमकता हुआ सितारा मिल गया था और जूही चावला 'मिस इंडिया' बन गईं. जूही चावला ने कहा, "'मिस इंडिया' बनने के बाद जिंदगी बदल चुकी थी. मैं बहुत खुश थी, लेकिन यह भरोसा नहीं हो रहा था कि मेरे साथ यह क्या हुआ है. मैं सोच रही थी कि उस समय भगवान ने कुछ तो चमत्कार किया."

Advertisement

सल्तनत फिल्म से की थी करियर की शुरुआत

फिल्मों में जब जूही चावला को मौका मिला तो उन्होंने 1986 की फिल्म 'सल्तनत' से शुरुआत की. फिल्म करते समय वे शूटिंग के दौरान सेट पर नर्वस रहती थीं. इंटरव्यू में जूही चावला ने बताया था, "मैं 'सल्तनत' फिल्म की शूटिंग के समय, जिसमें बड़े कलाकार थे, कांपती थी." 'सल्तनत' के बाद जूही को एक के बाद एक फिल्में मिलने लगी थीं. फिल्म इंडस्ट्री से उनका और उनके परिवार को कोई पहले रिश्ता नहीं था. इसके बावजूद उन्हें फिल्मों से, यहां तक कि टेलीविजन से ऑफर मिलने लगे थे. उन्होंने वी. रविचंद्रन की फिल्म 'प्रेम लोक' में काम किया था, जिसने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था.

ये भी पढ़ें: 61 साल पुराना गुल और बुलबुल का अफसाना, शशि ने नंदा को घोड़े पर घुमाया था कश्मीर, एबी के बोल, रफी की आवाज में अधूरी प्रेम कहानी

Advertisement

फिल्म 'कयामत से कयामत तक' में रोल मिला तो टेलीविजन सीरियल्स से जूही चावला दूरी बनाकर आगे बढ़ गईं. इसका श्रेय उन्होंने बीआर चोपड़ा को दिया. साल 1988 की फिल्म 'कयामत से कयामत तक' से आमिर खान भी अपनी शुरुआत कर रहे थे. दोनों की शुरुआत ऐसी चली कि उनकी यह जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर सिर चढ़कर बोलने लगी थी. 

माधुरी दीक्षित या श्रीदेवी जैसी अभिनेत्रियों के दौर में भी जूही ने अपनी छवि, खूबसूरत मुस्कान और शानदार कॉमिक टाइमिंग से अलग पहचान बनाई. उन्होंने 'बोल राधा बोल' और 'हम हैं राही प्यार के' जैसी फिल्मों में जबरदस्त कॉमेडी से दर्शकों का दिल जीता. उनके करियर की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि उन्होंने अन्य अभिनेत्रियों के मुकाबले बोल्ड या टिपिकल 'ग्लैमरस' दिखने की होड़ से खुद को अलग रखा.

Featured Video Of The Day
अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी, मांगी 7 करोड़ की फिरौती
Topics mentioned in this article
Juhi Chawla Movies
Juhi Chawla Miss India
Bollywood
Entertainment
Ndtv Hindi

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं