अपमान ने बदली संगीतकार की किस्मत, सलमान खान की फिल्मों के गानों को बनाया हिट, 42 की उम्र में हुआ था निधन

वाजिद खान की किस्मत स्टूडियो में हुए अपमान ने बदलकर रख दी थी. इसके बाद उन्होंने सलमान खान की फिल्मों के कई हिट गाने दिए और बॉलीवुड के हिट संगीतकार बन गए. 

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
वाजिद खान ने सलमान खान की फिल्मों में दिए गाने
नई दिल्ली:

बॉलीवुड में कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने संघर्ष और मेहनत के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई. इन्हीं नामों में एक नाम मशहूर संगीतकार और गायक वाजिद खान का भी है. वाजिद ने अपने भाई साजिद के साथ मिलकर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को कई सुपरहिट गाने दिए. हालांकि, संगीत की दुनिया में पहचान बनाने से पहले उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. उनकी जिंदगी में एक ऐसा पल भी आया, जिसने उनके सोचने का तरीका बदल दिया और आगे चलकर उसी घटना ने उन्हें एक बड़ा संगीतकार बनने की प्रेरणा दी. वाजिद खान ने 1 जून 2020 को आखिरी सांस ली, लेकिन वह अपने बनाए गीतों के जरिए लोगों के बीच यादों में बने रहते हैं. 

संगीत के माहौल में पले बढ़े वाजिद खान

वाजिद खान का जन्म 7 अक्टूबर 1977 को एक ऐसे परिवार में हुआ था, जहां संगीत का माहौल बचपन से मौजूद था. उनके पिता शराफत अली खान जाने-माने तबला वादक थे, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य भी संगीत से जुड़े हुए थे. यही कारण था कि वाजिद का झुकाव भी बचपन से संगीत की ओर हो गया. उन्हें खास तौर पर गिटार बजाना बहुत पसंद था. कम उम्र में ही उन्होंने संगीत की बारीकियां सीखनी शुरू कर दी थीं. 

ये भी पढे़ं- 'तुमने पुकारा और हम चले आए…' मशहूर सिंगर सुमन कल्याणपुर का निधन, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

बिना गलती सहना पड़ा अपमान

संगीत की दुनिया में शुरुआती दिनों में वाजिद और उनके भाई साजिद दूसरे संगीतकारों के साथ काम करते थे. इसी दौरान एक घटना ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी. एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो में वाजिद गिटार बजा रहे थे. रिकॉर्डिंग के दौरान एक गलत सुर सुनाई दिया और उसका आरोप वाजिद पर लगा दिया गया. जबकि गलती उनकी नहीं थी, फिर भी उन्हें सबके सामने डांट सुननी पड़ी. उस समय उनके पिता भी वहां मौजूद थे और अपने बेटे को इस तरह अपमानित होते देख उनकी आंखों में आंसू आ गए. इस घटना ने वाजिद को भीतर तक झकझोर दिया. उन्होंने और उनके भाई साजिद ने उसी दिन तय कर लिया कि वे केवल दूसरों के लिए वाद्य यंत्र नहीं बजाएंगे, बल्कि खुद संगीत तैयार करेंगे और अपनी अलग पहचान बनाएंगे. 

Advertisement

सलमान खान की फिल्म ने बदली किस्मत

इसके बाद दोनों भाइयों ने पूरी मेहनत के साथ अपने सपनों को पूरा करने की शुरुआत की. उनकी किस्मत तब बदली जब उन्हें सलमान खान की फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' में संगीत देने का मौका मिला. फिल्म का गीत 'तेरी जवानी बड़ी मस्त मस्त है' जबरदस्त हिट साबित हुआ और देखते ही देखते साजिद-वाजिद की जोड़ी बॉलीवुड में मशहूर हो गई. इसके बाद दोनों भाइयों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. सलमान खान के साथ उनकी जोड़ी खास तौर पर बेहद सफल रही. 'तुमको ना भूल पाएंगे', 'गर्व', 'पार्टनर', 'वॉन्टेड' और 'दबंग' जैसी फिल्मों में उनके संगीत को खूब पसंद किया गया. वाजिद सिर्फ संगीतकार ही नहीं थे, बल्कि एक बेहतरीन गायक भी थे. उन्होंने 'मेरा ही जलवा', 'हमका पीनी है' समेत कई हिट गानों में अपनी आवाज दी. 

साजिद-वाजिद की जोड़ी रही हिट

साजिद-वाजिद की जोड़ी को साल 2011 में फिल्म 'दबंग' के संगीत के लिए प्रतिष्ठित फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इसके अलावा भी उन्हें कई पुरस्कार और सम्मान मिले. सफलता के सफर के बीच वाजिद को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ा. वह लंबे समय तक किडनी की बीमारी से जूझते रहे. इलाज के बावजूद उन्होंने संगीत से अपना रिश्ता नहीं तोड़ा. अंतिम समय तक वह अपने काम को लेकर समर्पित रहे. 

Advertisement

ये भी पढे़ं- मोहम्मद रफी के साथ 140 डुएट गाने वाली सिंगर का निधन, 740 सॉन्ग को दी आवाज, लता मंगेशकर से हुई थी तुलना

Featured Video Of The Day
जो पाकिस्तान से दिल्ली के ISI मॉड्यूल को दे रहा हुक्म, उसने कभी NDTV के कैमरे पर दी थी ये धमकी
Topics mentioned in this article