संजय लीला भंसाली की सीरीज हीरामंडी साल 2024 के सफल शो में से एक हैं. जब से शो का अनाउंसमेंट हुआ था, दर्शक शो को देखने के लिए काफी बेताब थे. यह शो लाहौर की हीरामंडी की तवायफों के जीवन पर आधारित है. इस शो में मनीषा कोइराला, सोनाक्षी सिन्हा, अदिति राव हैदरी, ऋचा चड्ढा, संजीदा शेख, जैसी एक्ट्रेस नजर आई हैं. लेकिन इस सीरीज में श्रुति शर्मा ने भी अहम किरदार निभाया है. श्रुति इस शो में साइमा के किरदार में नजर आई हैं जो आलमजेब की दासी होती हैं. श्रुति इन दिनों शो ऑफिस ऑफिस 2 को लेकर सुर्खियों में हैं. शो दूरदर्शन पर टेलीकास्ट हो रहा है. हाल ही में श्रुति ने NDTV से बात की और 'हीरामंडी 2' को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया.
'हीरामंडी 2' के बारे में किया बड़ा खुलासा
एक्ट्रेस ने कहा कि मेरे पास अभी इतनी ही खबर है कि शो की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है. 'हीरामंडी' अपने आप में इतना बड़ा प्रोजेक्ट है कि उसका फर्स्ट पार्ट इतना बड़ा सक्सेसफुल रहा है कि शो 192 देशों में देखा गया. सीरीज का एक स्टैंडर्ड सेट हो गया है. संजय लीला भंसाली इस समय दूसरे प्रोजेक्ट में व्यस्त हैं. 'हीरामंडी 2' के बारे में कहूं तो शो की कहानी में उस दौर के बारे में बताया जाएगा, जब तवायफें अपने कोठों को छोड़कर बॉलीवुड आ गईं. उस वक्त औरतें बॉलीवुड का हिस्सा नहीं बनती थीं. पहले लड़कियां सिनेमा में बिल्कुल भी नहीं जाती थीं. उन तवायफों में से कोई सिंगर बनी तो कोई एक्ट्रेस बनी. जिसके बाद हमारे बॉलीवुड को फीमेल एक्ट्रेस मिलना शुरू हुई. अब इसमें से कितना हिस्सा शो में दिखाया जाएगा, ये राइटर्स को ही पता है.'
'हीरामंडी' में अपने किरदार को लेकर ये कहा
'हीरामंडी' में अपने एक डिस्टर्बिग सीन को लेकर एक्ट्रेस ने कहा कि आज भी हमारे समाज में लड़कियों के साथ शोषण होता है. जब मुझे हीरामंडी का सीन करना था, उस वक्त मेरी रूह कांप गई थी. क्योंकि लड़कियां ऐसी हरकतें बचपन से झेलती आ रही हैं. क्योंकि जैसे ही आप बड़ी होती हैं तो आपको छेड़ना शुरू कर दिया जाता है. मैंने अपने आप को उस स्थिति में रखा कि जब मेरी जैसी कोई लड़की ऐसी स्थिति में फंस जाएगी तो वह कैसा बर्ताव करेगी. वही फीलिंग मैंने अपने किरदार में दिखाई है. मेरा किरदार सीरीज में बहुत ही बहादुर था. अगर और कोई लड़की होती है तो उसको सोचने में काफी घंटे लगते कि आखिर उसके साथ हुआ क्या है.
शो में क्या था खास ?
अगर 'हीरामंडी' की बात करें तो इस शो में लाहौर की 'हीरामंडी' की तवायफों के बारे में दिखाया गया है. कैसे वो अंत में आजादी के लिए अंग्रेजों के खिलाफ लड़ती हैं. एक्ट्रेस मनीषा कोइराला ने शो में मल्लिका जान का किरदार निभाया है. मनीषा कोइराला ने शो से काफी लंबे समय बाद वापसी की थी और उनको अभिनय के लिए काफी सराहा गया. सीरीज 1 मई 2024 को रिलीज हुई.
ये भी पढ़ें: खलनायक 2 को डायरेक्ट करने का मौका चाहते हैं आखिरी सवाल के डायरेक्टर, कहा- उनके साथ कुछ करना जरूर है