90 के दशक और 2000 की शुरुआत में गोविंदा का नाम आते ही लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती थी. उनकी फिल्मों के साथ-साथ गानों का भी अलग ही जादू था. आज भी उनके कई गाने पार्टियों से लेकर सोशल मीडिया तक खूब सुनाई देते हैं. लेकिन इन्हीं सुपरहिट गानों के बीच एक ऐसा गाना भी है, जो पिछले 26 सालों से लोगों की आंखें नम कर देता है. इसके बोल अधूरे प्यार का दर्द बयां करते हैं और यही वजह है कि इतने साल बाद भी इसे सुनने वालों की कमी नहीं है.
ये भी पढ़ें: सतलुज विवाद के बीच कछुआ चाल से हिट हुई दिलजीत दोसांझ की मूवी, 100 करोड़ से है बस इतनी दूर
आज भी लोगों की पसंद बना हुआ है ये गाना
गोविंदा की फिल्म हद कर दी आपने का गाना 'ओये राजू प्यार ना करियो' साल 2000 में रिलीज हुआ था. उस दौर में जहां गोविंदा अपनी कॉमिक टाइमिंग और शानदार डांस के लिए मशहूर थे, वहीं इस गाने में उनका बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिला. गाने में उनका इमोशनल रोल दर्शकों को खूब पसंद आया.
अधूरे प्यार का दर्द छू जाता है दिल
इस गाने में गोविंदा के साथ रानी मुखर्जी भी नजर आई थीं. फिल्म में दोनों के अलग होने वाला सीन इस गाने को और भी भावुक बना देता है. करीब 5 मिनट 53 सेकेंड लंबे इस गाने के बोल आज भी उन लोगों के दिल को छू जाते हैं, जिन्होंने कभी अधूरे प्यार का दर्द महसूस किया हो.
आवाज और संगीत ने बनाया यादगार
'ओये राजू प्यार ना करियो' को मशहूर गायक आनंद राज आनंद ने अपनी आवाज दी थी. उन्होंने सिर्फ गायकी ही नहीं, बल्कि अपने संगीत से भी इस गाने को खास बना दिया. वहीं इसके बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे, जिन्होंने प्यार और जुदाई की भावनाओं को बेहद आसान शब्दों में पिरोया. यही वजह है कि ये गाना आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल रहता है.
26 साल बाद भी बरकरार है क्रेज
रिलीज के इतने साल बाद भी इस गाने की लोकप्रियता कम नहीं हुई है. यूट्यूब पर इसे 522 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है. यही बताता है कि अच्छे गाने वक्त के साथ पुराने जरूर होते हैं, लेकिन लोगों के दिलों से कभी नहीं उतरते. गोविंदा का ये दर्दभरा गाना आज भी पुराने दौर की यादें ताजा कर देता है.