बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर वन' रहे गोविंदा ने कई दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया. उनकी फिल्मों, डांस और कॉमिक टाइमिंग का आज भी कोई जवाब नहीं है. लेकिन जब वो बड़े पर्दे से अचानक दूर हुए, तो तरह तरह की बातें बनने लगीं. किसी ने कहा घमंड आ गया, तो किसी ने उन्हें गैर पेशेवर बता दिया. अब एक इंटरव्यू में गोविंदा ने खुलकर इन आरोपों और बॉलीवुड की इंटरनल पॉलिटिक्स पर बात की है. उन्होंने भारी शब्दों में उन लोगों पर निशाना साधा है जो उनके करियर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते रहे. गोविंदा का कहना है कि ये सब एक सोची समझी साजिश का हिस्सा होता है. इस दौरान उन्होंने अमिताभ बच्चन का नाम भी लिया.
ये भी पढ़ें: राजपाल यादव की मदद शुरू, इस शख्स ने दिए 1 करोड़ 11 लाख, बाकी रह गए इतने करोड़
‘कुछ लोगों को मुझे बर्बाद करने की खुजली है'
गोविंदा ने कहा कि इंडस्ट्री में कुछ ऐसे लोग हैं जो उन्हें हारते देखने के लिए बेताब रहते हैं. उन्होंने ‘डेगू मच्छर' और ‘औरंगजेब' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए इशारों इशारों में बताया कि कैसे छोटे छोटे बहानों से कलाकारों की छवि खराब की जाती है. सेट पर लेट आने के आरोपों पर गोविंदा ने कहा कि ये टैग सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि संजय दत्त और सलमान खान जैसे सितारों को भी दिया गया. उनका कहना है कि ये बदनाम करने का आसान तरीका होता है, ताकि काम मिलना बंद हो जाए.
अमिताभ का नाम लेकर खोली बॉलीवुड की पोल
गोविंदा ने इस दौरान अमिताभ बच्चन का उदाहरण भी दिया. उन्होंने कहा कि अमिताभ जी हमेशा समय पर आते थे, फिर भी करीब 15 साल तक उन्हें काम नहीं मिला. गोविंदा के मुताबिक ये दिखाता है कि इंडस्ट्री में सब कुछ प्लान के तहत होता है और किसी को भी ‘आउट' किया जा सकता है. उन्होंने करण जौहर की फिल्म ‘माय नेम इज गोविंदा' का जिक्र करते हुए नाराजगी जताई और कहा कि उनकी पर्सनल लाइफ को फिल्मों में मजाक बनाकर पेश किया जाता है. आखिर में उन्होंने फैंस से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि मां बाप का आशीर्वाद उनके साथ है और उनका सितारा कभी डूबने वाला नहीं.