सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने दिल्ली में अपने शो 'द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर' की ओपनिंग नाइट के दौरान अपनी सगाई का ऐलान किया. शाम के सबसे यादगार पलों में से एक में जैस्मीन ने अपने मंगेतर शेखर चौधरी को मंच पर बुलाया और अपने फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की. साथ ही अपनी सगाई की अंगूठी भी दिखाई. कपल के लिए फैंस ने तालियां बजाई और एक रोमांटिक पल शेयर किया. इसके बाद उन्होंने जैस्मीन के लोकप्रिय गाने 'लावन' पर एक साथ डांस किया, जिससे कॉन्सर्ट में आए लोगों के लिए यह अवसर और भी यादगार बन गया.
जैस्मीन ने दिल्ली कॉन्सर्ट में गाने गाए
राष्ट्रीय राजधानी में भव्य कॉन्सर्ट के साथ जैस्मीन के इंडिया टूर की शुरुआत हुई और सिंगर ने एक के बाद एक परफॉर्मेंस दीं. उन्होंने फैंस को अपने कुछ सबसे बड़े पंजाबी हिट गानों, जिनमें 'लावन', 'पंजेबा' और 'सिप सिप' शामिल थे, पर साथ गाने और झूमने पर मजबूर कर दिया. जैस्मिन ने 'शरारत', 'जाइए सजना' और टाइटल ट्रैक जैसे फैंस के पसंदीदा गानों को यहां गया. वहीं 'तरस', 'इलीगल वेपन' और 'यार ना मिले' जैसे ब्लॉकबस्टर गाने पर फैंस झूमने दिखे.
म्यूजिक के अलावा, सिंगर ने अपने फैंस के साथ कुछ खास पल भी बिताए. फैंस से गर्मजोशी से मिलते हुए जैस्मिन ने 'द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर' को पूरे देश में ले जाने को लेकर अपना उत्साह और उम्मीद जाहिर की. उन्होंने वहां मौजूद फैंस द्वारा लाए गए तोहफों को भी खुशी-खुशी स्वीकार किया और उनकी तारीफ की.
ओपनिंग कॉन्सर्ट के लिए जैस्मिन ने भारी गहनों के साथ गोल्डन लहंगा पहनकर शानदार फैशन स्टेटमेंट बनाया, जो उस शाम की भव्यता के साथ बिल्कुल मेल खा रहा था. अपनी जबरदस्त एनर्जी और शानदार गानों की लिस्ट के साथ, जैस्मिन ने यह पक्का किया कि दिल्ली की भीड़ आखिर तक नाचती और गाती रहे, जिससे उनके इंडिया टूर की शुरुआत यादगार बन गई. टीम इनोवेशन द्वारा आयोजित जैस्मिन सैंडलस के 'द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर' का पहला चरण नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में हुआ. इसके बाद वह मुंबई, बेंगलुरु और चंडीगढ़ में परफॉर्म करेंगी.