दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में शामिल कान्स फिल्म फेस्टिवल इस बार फिल्मों से ज्यादा एक चौंकाने वाले विवाद को लेकर चर्चा में आ गया है. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने हर किसी को हैरान कर दिया, जिसमें ब्यूटी क्वीन एंड्रिया डेल वाल घायल अवस्था में नजर आ रही हैं. वीडियो में उनके चेहरे पर चोट के निशान और खून साफ दिखाई दे रहा है. एंड्रिया ने इस हालत के लिए सीधे सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट जियोवानी लगुना को जिम्मेदार ठहराया. बताया जा रहा है कि यह घटना कान्स यात्रा के दौरान एक होटल में हुई, जहां दोनों फेस्टिवल से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेने पहुंचे थे. वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर बहस छिड़ गई और लोग इस मामले पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई यूजर्स ने वीडियो देखकर चिंता जताई, जबकि कुछ लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई है.
होटल के कमरे से आई चीखों की आवाज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कथित विवाद इतना बढ़ गया था कि होटल में ठहरे अन्य मेहमानों ने कमरे से जोरदार बहस और चीख-पुकार की आवाजें सुनीं. स्थिति बिगड़ती देख होटल स्टाफ और मेहमानों ने अधिकारियों को सूचना दी. इसके बाद फ्रांसीसी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया. ऑनलाइन सामने आए आरोपों के बाद जियोवानी लागुना को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की खबरें भी सामने आईं. हालांकि अब तक पुलिस की ओर से किसी आधिकारिक आरोप या केस की स्थिति को लेकर विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है. दूसरी तरफ, घटना के बाद एंड्रिया का मेडिकल ट्रीटमेंट कराया गया और फिलहाल उन्हें सुरक्षित बताया जा रहा है.
सोशल मीडिया पर छाया विवाद
वायरल वीडियो और आरोपों की गंभीरता ने इस मामले को सोशल मीडिया पर बड़ा मुद्दा बना दिया है. लोग लगातार क्लिप्स शेयर कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन के दौरान ऐसी घटना कैसे हो गई. लैटिन अमेरिकी फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री में जियोवानी लागुना एक जाना-पहचाना नाम माने जाते हैं और कई मॉडल्स व सेलिब्रिटीज के साथ काम कर चुके हैं. यही वजह है कि यह विवाद तेजी से ग्लोबल चर्चा का हिस्सा बन गया. हालांकि अभी तक मामले के कई पहलू साफ नहीं हुए हैं, लेकिन इतना तय है कि कान्स 2026 का यह विवाद इंटरनेट पर लंबे समय तक चर्चा में रहने वाला है.