सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947' सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. रिलीज से ठीक एक दिन पहले फिल्म की खास स्क्रीनिंग हुई. जिसमें आमिर खान, अली फजल और फिल्ममेकर रमेश तौरानी भी पहुंचे. फिल्म देखने के बाद रमेश तौरानी ने जो कहा, उससे फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ गई है. उन्होंने इसे बेहद संवेदनशील, इमोशनल और इंसानियत से जुड़ी कहानी बताया. इतना ही नहीं उन्होंने दर्शकों से इसे पहले ही दिन देखने की अपील भी की. खास तौर पर सनी देओल और अभिमन्यु सिंह की अदाकारी ने उन्हें काफी इंप्रेस किया.
सनी देओल से अभिमन्यु सिंह तक
फिल्म देखने के बाद रमेश तौरानी ने आमिर खान और अली फजल के साथ तस्वीर साझा की और अपनी राय बताई. उन्होंने कहा कि ‘बंटवारा 1947' सिर्फ इतिहास के एक दर्दनाक दौर को दिखाने वाली फिल्म नहीं है, बल्कि ये मुश्किल वक्त में इंसानियत और हिम्मत की कहानी भी है. उन्होंने सनी देओल की अदाकारी को शानदार और बेहद असरदार बताया. वहीं प्रीति जिंटा की बड़े पर्दे पर वापसी को भी उन्होंने खास बताया. शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल की भूमिकाओं की भी उन्होंने जमकर तारीफ की. लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान अभिमन्यु सिंह ने खींचा. रमेश तौरानी के मुताबिक खलनायक के किरदार में अभिमन्यु सिंह बेहद इंप्रेसिव नजर आए हैं. उनका किरदार ऐसा है जो एक साथ अट्रेक्ट भी करता है और बेचैन भी.
बंटवारे के दर्द के बीच इंसानियत की कहानी
‘बंटवारा 1947' की कहानी देश के बंटवारे के दौर में पहुंचती है. सनी देओल फिल्म में एक मुस्लिम व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं. जो बंटवारे के बाद पाकिस्तान चला जाता है. वहां पहुंचने के बाद उसे अपने नए घर में एक हिंदू महिला मिलती है. जिसका किरदार शबाना आजमी ने निभाया है. इसके बाद कहानी एक ऐसे मोड़ पर पहुंचती है, जहां एक तरफ परिवार की सेफ्टी है तो दूसरी तरफ इंसानियत का फर्ज. यही टकराव फिल्म की कहानी को इमोशनल और दिलचस्प बनाता है. फिल्म से प्रीति जिंटा करीब एक दशक बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं. वहीं सनी देओल और उनके बेटे करण देओल पहली बार एक साथ पर्दे पर दिखाई देंगे. फिल्म में अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं.
ये भी पढ़ें: 15 अगस्त की पहचान बन गई थी मनोज कुमार की ये फिल्म, दूरदर्शन पर 100 बार हुई टेलीकास्ट, गाने आज भी हैं मशहूर