बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार जब भी सुर्खियों में आते हैं, वजह सिर्फ उनकी फिल्में नहीं होतीं. कभी उनकी फिटनेस लोगों का ध्यान खींचती है, तो कभी उनका बिजनेस सेंस चर्चा में आ जाता है. पर्दे पर करोड़ों कमाने वाले खिलाड़ी कुमार अब अपनी प्रॉपर्टी से भी तगड़ी कमाई कर रहे हैं. हाल ही में सामने आई CRE Matrix के प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डॉक्युमेंट्स की रिपोर्ट ने सभी का ध्यान खींच लिया है. बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार ने सिर्फ एक महीने के अंदर अपने चार लग्जरी फ्लैट बेच दिए और इस डील से उन्हें करीब 7 करोड़ रुपये का फायदा हुआ. यानी फिल्मों के साथ-साथ उनका प्रॉपर्टी वाला दांव भी पूरी तरह हिट साबित हो रहा है.
ये भी पढ़ें: 'काम नहीं मिलेगा' के डर से एक साथ करता था 10-15 फिल्में, बिग बी ने बयां किया करियर का सबसे बड़ा डर
एक महीने में चार फ्लैट बेचकर कर दी करोड़ों की डील
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षय कुमार ने हाल ही में मुंबई के मुलुंड वेस्ट स्थित ओबेरॉय एनिग्मा प्रोजेक्ट में अपने दो लग्जरी फ्लैट बेचे हैं. इन दोनों फ्लैट्स की कुल कीमत 12.38 करोड़ रुपये रही. दोनों फ्लैट 18वीं मंजिल पर बने हैं और हर फ्लैट का कार्पेट एरिया 1,886 वर्ग फुट है. इनके साथ तीन-तीन कार पार्किंग स्लॉट भी मिले हैं. इनकी रजिस्ट्री 30 जून 2026 को हुई थी.
पुराने इन्वेस्टमेंट से मिला बड़ा फायदा
इन दोनों फ्लैट्स को अक्षय कुमार ने साल 2017 में करीब 9 करोड़ रुपये में खरीदा था. अब जब उन्होंने इन्हें बेचा तो सिर्फ इन दो फ्लैट्स से ही 3.3 करोड़ रुपये से ज्यादा का फायदा हो गया. इससे साफ है कि सही समय पर किया गया इन्वेस्टमेंट उन्हें शानदार कमाई दे रहा है.
जून में भी बेचे थे दो और फ्लैट
मुलुंड वेस्ट से पहले जून की शुरुआत में अक्षय कुमार ने बोरीवली ईस्ट के ओबेरॉय स्काई सिटी प्रोजेक्ट में अपने दो और फ्लैट बेचे थे. इनमें एक फ्लैट 5.75 करोड़ रुपये और दूसरा 1.35 करोड़ रुपये में बिका. रिपोर्ट के अनुसार, ये दोनों फ्लैट उन्होंने साल 2017 में करीब 3.68 करोड़ रुपये में खरीदे थे. इनकी बिक्री से भी उन्हें अच्छा फायदा मिला.
फिल्मों के साथ प्रॉपर्टी से भी हो रही तगड़ी कमाई
एक ही महीने में चार फ्लैट बेचकर अक्षय कुमार ने करीब 20 करोड़ रुपये की डील की और कुल मिलाकर लगभग 7 करोड़ रुपये का फायदा कमाया. यही वजह है कि आज उनकी पहचान सिर्फ सुपरस्टार के तौर पर ही नहीं, बल्कि समझदारी से इनवेस्टमेंट करने वाले स्टार के रूप में भी हो रही है. फिल्मों के साथ-साथ प्रॉपर्टी में लगाया गया उनका पैसा भी लगातार शानदार कमाई करा रहा है.