एक समय था जब रविवार की सुबह या तय समय पर पूरा देश टीवी के सामने बैठ जाता था. गलियां सूनी हो जाती थीं, घरों में सन्नाटा छा जाता था और हर नजर सिर्फ एक ही कहानी पर टिकी रहती थी. ये कहानी थी भगवान राम की कहानी. जो रामायण सीरियल के जरिए घर घर तक पहुंची. 80 के दशक का वही सुनहरा दौर अब एक बार फिर लौट रहा है. अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चे भी भारतीय संस्कृति, मर्यादा और आदर्शों से जुड़ी इस कथा को करीब से जानें. तो सोमवार से शनिवार रात 8 बजे का समय उनके लिए खाली रखिए. क्योंकि ये शो फिर से टीवी पर लौट रहा है. जान लीजिए आप किस चैनल पर बच्चों को वही पुरानी रामायण दिखा सकते हैं.
ये भी पढ़ें: नेशनल अवॉर्ड से लेकर ऑस्कर तक पहुंची थी पहली फिल्म, वक्त ने मारी पलटी, ऑटो चलाकर 150 रुपये में कर रहे गुजारा
इस चैनल पर आएगी दूरदर्शन की 'रामायण'
80 और 90 के दशक की सबसे पॉपुलर टीवी सीरीज में शामिल रामानंद सागर की 'रामायण' अब एक बार फिर दर्शकों को एंटरटेन करने के लिए लौट आई है. इस बार इसका टेलीकास्ट सोनी पल पर किया जा रहा है. दर्शक इसे सोमवार से शनिवार, रात 8 बजे देख सकेंगे. चैनल ने इस बारे में पोस्ट करते हुए एक इमोशनल मैसेज भी साझा किया है. पोस्ट में लिखा गया, ‘जीवन की हर दुविधा में, प्रभु श्रीराम के आदर्श ही मन को सही दिशा देते हैं. आस्था, मर्यादा और आदर्श जीवन की अमर गाथा 'रामायण', आज से, सोमवार से शनिवार, रात 8 बजे सोनी पल पर.'
कोरोना काल में भी बनाया था रिकॉर्ड
'रामायण' की पॉपुलैरिटी सिर्फ 80 के दशक तक सीमित नहीं रही. 28 मार्च 2020 को कोरोना महामारी के दौरान देशभर में लॉकडाउन लगने के बाद भी रामायण का टेलीकास्ट हुआ. दूरदर्शन पर फिर से आई रामायण ने दर्शकों का खूब प्यार हासिल किया. उस समय भी इस रामायण ने जबरदस्त रिकॉर्ड बनाया और टेलीकास्ट के दौरान सबसे ज्यादा दर्शक रेटिंग हासिल की. प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के अनुसार, रीटेलीकास्ट के दौरान भी 'रामायण' देश का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला टीवी कार्यक्रम बन गया था. इससे साफ है कि अरुण गोविल बतौर भगवान राम, दीपिका चिखलिया माता सीता, सुनील लहरी लक्ष्मण और दारा सिंह हनुमान के रूप में आज भी दर्शकों के दिलों में उसी श्रद्धा के साथ बसे हुए हैं.