
अली मोहम्मद सागर की गिनती जम्मू कश्मीर के बड़े नेताओं में की जाती है. वो चार बार विधायक रह चुके हैं. इस बार भी वो अपनी परंपरागत सीट खानयार से नेशनल कॉन्फ्रेंस के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं.वो 1996 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. साल 2014 का चुनाव भी सागर ने इसी सीट से जीता था.अली मोहम्मद सागर उमर अब्दुल्ला की सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री बनाया गया था.वो नेशनल कॉन्फ्रेंस के महासचिव (संगठन) के पद पर हैं.
इस चुनाव में सागर के पुत्र सलमान सागर भी चुनाव मैदान में हैं. नेशनल कॉन्फ्रेंस ने उन्हें हजरतबल सीट से उम्मीदवार बनाया है. सलमान बहुत पहले से राजनीति कर रहे हैं. वो श्रीनगर का मेयर भी रह चुके हैं. वो नेशनल कॉन्फ्रेंस की युवा शाखा के प्रमुख का जिम्मा भी संभाल चुके हैं.
नामांकन पत्र के साथ जमा कराए गए हलफनामे में सागर ने 29 लाख 27 हजार की चल संपत्ति की जानकारी दी है. इसके अलावा उन्हें तीन करोड़ की अचल संपत्ति की जानकारी भी उन्होंने हलफनामे में दी है. उनके ऊपर न तो कोई मामला लंबित है और न ही उन्हें किसी अपराध में सजा सुनाई गई है. सागर ने श्रीनगर के कश्मीर विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की है.