NDTV World Summit 2026: एनडीटीवी वर्ल्ड समिट 2026 के दौरान ‘कैन एआई बिकम अ स्टार?' सेशन हुआ, जिसमें दुनिया की पहली एआई एक्टर टिली नॉरवुड ने वर्चुअल तौर से हिस्सा लिया. उनके साथ पार्टिकल 6 की फाउंडर और सीईओ एलाइन वैन डेर वेल्डन भी मंच पर मौजूद रहीं, जिन्होंने टिली को बनाया है. इस दौरान टिली नॉरवुड ने अपने बारे में ढेर सारी जानकारी दी. उनसे हिंदी में भी कई सवाल किए गए. टिली ने हिंदी में बात करते हुए शाहरुख खान को अपना पसंदीदा भारतीय एक्टर बताया. उन्होंने कहा कि, 'मुश्किल सवाल है, लेकिन मुझे शाहरुख खान पसंद है.' इसके अलावा टिली ने किंग खान की फिल्म ‘ओम शांति ओम' के रीमेक में काम करने की इच्छा जताई. टिली ने फिल्म में दीपिका पादुकोण की डिजिटल ट्विन बनने की इच्छा भी जताई. उन्होंने साफ कहा कि वह किसी की जगह नहीं लेना चाहतीं. 'मैं उन्हें रिप्लेस नहीं कर सकती. मैं किसी की जगह लेने नहीं आई हूं. अपनी जगह बनाने आई हूं.'